
सूडान का सैन्य विमान ओमडुरमैन शहर में दुर्घटनाग्रस्त हो गया, और इस हादसे में कम से कम 46 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आई है। सेना और स्वास्थ्य अधिकारियों ने बुधवार (26 फरवरी) को इस घटना के बारे में जानकारी दी। AP की रिपोर्ट के अनुसार, सेना की ओर से जारी एक बयान में कहा गया कि इस हादसे में कई सैन्यकर्मी और नागरिक मारे गए हैं। हालांकि, हादसे के कारण के बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं दी गई है। सूडानी आर्मी की रिपोर्ट के मुताबिक, एंटोनोव विमान मंगलवार (24 फरवरी) को वाडी सैयदना एयरबेस से उड़ान भरने के बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया था।
पहले सूडान के स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया था कि हादसे में मारे गए लोगों के शवों को ओमडुरमैन के नाउ अस्पताल भेजा गया है। इसके अलावा, पांच नागरिक घायल भी हुए हैं, जिनका इलाज चल रहा है।
सूडान में पिछले दो साल से गृहयुद्ध की स्थितिसूडान साल 2023 से ही गृहयुद्ध की चपेट में है। यहां सेना और कुख्यात अर्धसैनिक समूह रैपिड सपोर्ट फोर्सेज (RSF) के बीच का तनाव एक युद्ध में बदल गया है। यह संघर्ष शहरी क्षेत्रों, खासकर दारफुर क्षेत्र, को बर्बाद कर रहा है और जातीय हिंसा, सामूहिक बलात्कार जैसी भयावह घटनाओं को जन्म दे रहा है। संयुक्त राष्ट्र और अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकार संगठनों ने इन घटनाओं को मानवता के खिलाफ अपराध और युद्ध अपराध करार दिया है।
सूडान में बिगड़ती स्थितिहाल के महीनों में खार्तूम और अन्य क्षेत्रों में सेना ने RSF के खिलाफ अपनी कार्रवाई तेज कर दी है। RSF पश्चिमी दारफुर के अधिकांश हिस्से पर नियंत्रण रखता है और उसने दावा किया है कि उसने सोमवार (23 फरवरी) को दक्षिण दारफुर प्रांत की राजधानी न्याला में एक सूडानी सैन्य विमान को मार गिराया। इस प्रकार की घटनाएं सूडान के संकट को और अधिक जटिल बना रही हैं और नागरिकों की सुरक्षा और शांति के लिए गंभीर खतरा पैदा कर रही हैं।