दिल्ली : स्कूल से घर लौटते समय दिनदहाड़े हुई नाबालिक से छेड़छाड़, फाड़े कपड़े, मामला दर्ज

राजधानी दिल्ली पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लगातार सवाल खड़े होते रहे हैं। इस बीच मंगोलपुरी इलाके से नाबालिक से छेड़छाड़ का मामला सामने आया हैं जहां किशोरी के साथ स्कूल से घर लौटते समय दिनदहाड़े बाइक सवार युवकों ने शारीरिक छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके कपड़े भी फाड़ दिए। एक ऑटो चालक आरोपियों को पकड़ने भागा तो वे फरार हो गए। छात्रा अपने घर पहुंची और मां को सारी बात बताई। बाद में दोनों थाने पहुंचे और शिकायत दी। पीड़िता के बयान पर पुलिस मामला दर्ज कर छानबीन कर रही है। पुलिस ने छानबीन के बाद मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी कैमरे की फुटेज से मामले की जांच कर रही है।

पुलिस के मुताबिक पीड़िता परिवार के साथ मंगोलपुरी इलाके में रहती है। वह पास के सरकारी स्कूल में नौवीं कक्षा की छात्रा है। सोमवार दोपहर के समय वह स्कूल से अपने घर लौट रही थी। इस बीच के-ब्लॉक कड़ा घर के पास बाइक सवार दो युवकों ने उसे जबरन रोक लिया। पहले आरोपियों ने उसका बैग खींचा। विरोध करने पर आरोपियों ने उसके कपड़े फाड़ दिए। वह जान बचाने के लिए इधर-उधर भागी तो एक ऑटो चालक उसे बचाने को दौड़ा, यह देखकर आरोपी मौके से फरार हो गए। 14 वर्षीय छात्रा रोती हुई अपने घर पहुंची। बाद में उसने मां के साथ जाकर थाने में शिकायत की।