उत्तरप्रदेश : मां को बचाने के लिए नाबालिग पुत्र ने की शराबी पिता की पिटाई, मौत होने के बाद शव आंगन में दफनाया

पारिवारिक विवाद और नोकझोंक होना आम बात हैं। लेकिन जब ये विवाद बढ़ जाए तो कई अप्रिय घटना देखने को मिल सकती हैं। ऐसा ही कुछ हुआ उत्तरप्रदेश के करीमुद्दीनपुर थाना क्षेत्र के वीरभानपुर गांव में जहां घरेलू विवाद के दौरान एक नाबालिग पुत्र ने शराबी पिता की पिटाई कर दी जिससे उसकी मौत हो गई। मौत होने के बाद शव आंगन में दफना दिया गया। थानाध्यक्ष कृष्ण कुमार सिंह ने बताया कि पारिवारिक विवाद में पुत्र ने पिता की हत्या कर दी। मामले की छानबीन की जा रही है। आरोपी को हिरासत में लिया गया है।

रविवार को दुर्गंध आने पर पड़ोसियों ने जानकारी पुलिस को दी। रात करीब दस बजे पुलिस ने शव बाहर निकाल कर कब्जे में ले लिया। आरोपी पुत्र को पुलिस ने हिरासत में ले लिया। वीरभानपुर के रहने वाले रामअशीष मिश्रा (46) अक्सर शराब पीकर घर आते थे। 26 सितंबर को इसी को लेकर घर में विवाद हो गया। उस दौरान रामअशीष ने पत्नी की पिटाई कर दी थी। इससे गुस्साए नाबालिग पुत्र ने पिता की पिटाई कर दी। इससे उनकी मौत हो गई।

घटना की जानकारी किसी को न हो, इसके लिए आरोपी ने शव घर के आंगन में ही दफना दिया। रविवार रात तेज दुर्गंध उठने से पड़ोसियों को कुछ शंका हुई। उन्होंने जानकारी पुलिस को दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव बाहर निकलवाकर कब्जे में ले लिया।