झारखंड : चाईबासा में सॉफ्टवेयर इंजीनियर लड़की से 10 युवकों ने किया गैंगरेप, 40 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली

झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिला मुख्यालय चाईबासा से इंसानियत को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है, जहां एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर युवती का करीब 10 लोगों ने गैंगरेप किया। मेडिकल जांच में युवती संग बलात्कार की पुष्टि हुई है। 40 घंटे से ज्यादा समय बीतने पर भी पुलिस आरोपियों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। इसको लेकर राज्य की राजनीति गरम हो गई है।

घटना गुरुवार शाम करीब 6 बजे की बताई जा रही है। चाईबासा के अपने एक दोस्त के साथ गुरुवार शाम स्कूटी से घूमने के लिए टेकरा हातु हवाई पट्टी गई थी। जहां 8-10 युवकों ने उसके दोस्त को डरा-धमका कर भगा दिया और युवती के साथ दूर सुनसान झाड़ियों में ले जाकर सामूहिक दुष्कर्म किया। रात को इसकी सूचना जब पुलिस को मिली तो सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी दिलीप खलको और मुफस्सिल थाना प्रभारी पवन पाठक दल बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और आरोपियों की तलाश की गई।

जिले के पुलिस अधीक्षक आशुतोष शेखर ने बताया है कि 10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। अब भाजपा ने हेमंत सोरेन सरकार को घेर लिया है और तीन साल के भीतर प्रदेश में 5 हजार बलात्कार की घटनाएं होने का आरोप लगाया है। BJP के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, चाईबासा के हाई सिक्योरिटी वाले एयरपोर्ट एरिया में एक सॉफ्टवेयर इंजीनियर के साथ 10 लोगों के गैंगरेप की जघन्य घटना ने एक बार फिर से झारखंड को बेटियों की सुरक्षा के मुद्दे पर शर्मसार किया है। हेमंत सरकार के कार्यकाल में 5000 से ज्यादा रेप के मामले हो चुके हैं, लेकिन 1% से भी बलात्कारियों को स्पीडी ट्रायल के जरिये सजा दिलाई गई है। इस सरकार के कार्यकाल में बेटियां पूरे तरीके से असुरक्षित हो गई हैं। सरकार अविलम्ब बलात्कारियों की गिरफ्तारी के लिए कड़े कदम उठाए और पीड़िता के इलाज के लिए सारे आवश्यक कदम उठाए।

उधर, इस मामले में झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रवक्ता तनुज खत्री ने कहा कि महिला और बेटियों के मामले में भारतीय जनता पार्टी को राजनीति नहीं करनी चाहिए। झारखंड मुक्ति मोर्चा ने कहा कि यह झारखंड है। यहां बेटियों और महिलाओं के साथ घटना के बाद त्वरित कार्रवाई होती है।