धोनी के संन्यास की खबर सुनते ही इमोशनल हुए लोग, Twitter पर ट्रेंड करने लगा #MSDhoni

भारत को दो-दो वर्ल्ड कप जिताने वाले पूर्व कप्तान और अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज 39 साल के महेंद्र सिंह धोनी ने इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह दिया है। धोनी भारतीय टीम के सबसे सफल कैप्टन में से एक मानें जाते हैं। उन्होंने टीम को कई यादगार जीत दिलाई है। धोनी ने दिसंबर 2004 में बांग्लादेश के खिलाफ वनडे खेलकर इंटरनेशनल क्रिकेट में पदार्पण किया था। हालांकि एमएस धोनी आईपीएल खेलते रहेंगे। ऐसे में उनके प्रशंसक आईपीएल में धोनी को खेलते हुए देख सकते हैं। धोनी आईसीसी की तीन ट्रॉफी जीतने वाले इकलौते कप्तान हैं। महेंद्र सिंह धोनी टेस्ट क्रिकेट से पहले ही संन्यास ले चुके हैं। धोनी ने भारत के लिए अपना आखिरी टेस्ट मैच दिसंबर 2014 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ मेलबर्न में खेला था। इसके अलावा धोनी ने अपना आखिरी टी-20 इंटरनेशनल मैच फरवरी 2019 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेंगलुरु में खेला था, जबकि वर्ल्ड कप सेमीफाइनल (9-10 जुलाई 2019) उनका आखिरी वनडे इंटरनेशनल रहा।

शनिवार शाम अचानक जैसे ही धोनी ने संन्यास लेने की घोषणा की ट्विटर (Twitter) पर #MSDhoni ट्रेंड करने लगा। इस ट्रेंड में लोगों ने धोनी को लेकर कई सारे पोस्ट किए हैं। कुछ सोशल मीडिया यूजर्स तो धोनी से संन्यास की खबरें सुनकर ही इमोशनल हो गए। तो चलिए देखते हैं धोनी के संन्यास की खबरों पर लोगों ने कैसे रिएक्ट किया।