मेहरौली के जंगलों से मिली हड्डियां श्रद्धा की, पिता का DNA हुआ मैच

श्रद्धा मर्डर केस में जांच कर रही दिल्ली पुलिस के हाध बड़ी सफलता लगी है। दरअसल, महरौली के जंगलों और गुरुग्राम से पुलिस को जो हड्डियां मिली थी उनका श्रद्धा के पिता के डीएनए से मिलान हो गया है। CFSL रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हो गई है।ये हड्डियां मेहरौली और गुरुग्राम के जंगलों से मिली थीं। ये हड्डियां आफताब की निशानदेही पर बरामद हुई थीं। पुलिस को एक मानव जबड़ा भी मिला था। पुलिस ने इस सबकीजांच के लिएCFSL लैब भेजा था। इतना ही नहीं डीएनए टेस्ट के लिए पिता का सैंपल भी लिया गया था।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक 28 साल के आफताब ने 18 मई को 27 साल की श्रद्धा का मर्डर कर दिया था। दोनों लिव-इन में रहते थे। दोनों मुंबई के रहने वाले थे और कुछ दिन पहले ही दिल्ली में शिफ्ट हुए थे। आफताब ने श्रद्धा के शव के 35 टुकड़े किए थे। इन्हें रखने के लिए 300 लीटर का फ्रिज खरीदा था। वह 18 दिन तक रोज रात 2 बजे जंगल में शव के टुकड़े फेंकने जाता था।

पिछले महीने आफताब का नार्को टेस्ट किया गया था। इसमें उसने श्रद्धा के मर्डर की बात कबूली थी। दिल्ली के बाबा साहेब अंबेडकर अस्पताल में 2 घंटे तक आफताब का नार्को टेस्ट चला था। आफताब ने टेस्ट में पूछे गए ज्यादातर सवालों के जवाब अंग्रेजी में दिए। उसने पॉलीग्राफ टेस्ट में भी श्रद्धा की हत्या की बात कबूल की थी, हालांकि तब उसने कहा था कि उसे हत्या का अफसोस नहीं है।