मोहम्मद यूनुस पर शेख हसीना का कड़ा हमला, आतंकी चला रहे बांग्लादेश, यूएस के इशारे पर देश बेचने का आरोप

ढाका। बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना ने देश में जारी राजनीतिक संकट के बीच अंतरिम सरकार के प्रमुख मोहम्मद यूनुस पर तीखा हमला किया है। फेसबुक पोस्ट के जरिए उन्होंने आरोप लगाया कि यूनुस अमेरिका के प्रभाव में आकर देश को बेच रहे हैं और आतंकवादियों की मदद से सत्ता पर काबिज हैं।

शेख हसीना ने कहा कि उनके पिता, बांगबंधु शेख मुजीबुर रहमान ने अमेरिका को सेंट मार्टिन द्वीप देने से इनकार किया था, जिसके कारण उन्हें अपनी जान गंवानी पड़ी। उन्होंने लिखा, जब अमेरिका ने सेंट मार्टिन द्वीप मांगा, तब मेरे पिता ने साफ मना कर दिया। इस वजह से उनकी हत्या हुई। मैं सत्ता में बने रहने के लिए देश को बेचने की कल्पना भी नहीं कर सकती। वह देश जिसमें 30 लाख लोग अपनी जान गवां चुके हैं, उसे कोई एक इंच भी किसी को कैसे दे सकता है?

शेख हसीना ने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार ने आतंकवादियों और प्रतिबंधित संगठनों की मदद से सत्ता हथियाई है। उन्होंने कहा, जिन आतंकवादियों से हमने देशवासियों को बचाया था, आज वही खुलेआम घूम रहे हैं। जेलें खाली कर दी गई हैं और सभी को रिहा कर दिया गया है। अब बांग्लादेश पर आतंकवादियों का शासन है।

पूर्व प्रधानमंत्री ने अपनी पार्टी, अवामी लीग पर लगाए गए प्रतिबंध को भी असंवैधानिक बताया और कहा कि अंतरिम सरकार संविधान के प्रति सम्मान दिखाने में विफल रही है। उन्होंने कहा, संविधान हमारे मुक्ति संग्राम की नींव है, और उसे छेड़छाड़ करने का कोई अधिकार किसी को नहीं है। जो भी कानून संसद के बिना बनता है, वह अवैध है।

राजनीतिक विश्लेषक मानते हैं कि शेख हसीना और मोहम्मद यूनुस के बीच यह विवाद देश की राजनीतिक स्थिरता पर गहरा असर डाल सकता है और आगामी चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है।