दिल्ली : पड़ोस में रहने वाले युवक ने की छह साल की मासूम के साथ दरिंदगी, बच्ची की हालत गंभीर

राजधानी दिल्ली एक बार फिर शर्मसार हुई जहां बुधवार सुबह करीब 11 बजे पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार इलाके में छह साल की मासूम के साथ पड़ोस में रहने वाले युवक ने दरिंदगी की। युवक मासूम को बहला-फुसला कर एक खाली कमरे में ले गया। वहां वारदात को अंजाम दिया। देर शाम बच्ची की तबीयत बिगड़ी तो परिवार को इसका पता चला। बच्ची को अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। परिजनों ने आरोप लगाया है कि पुलिस ने मामले में लापरवाही बरती और इसको गंभीरता से नहीं लिया। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सूचना मिलने के बाद फौरन इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया गया है। एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है और इस मामले में कोई लापरवाही नहीं बरती गई।

देर रात को इलाके में खबर फैली तो कांग्रेस अध्यक्ष अनिल चौधरी एलबीएस अस्पताल बच्ची का हाल जानने पहुंच गए। अनिल ने भी पुलिस पर लापरवाही बरतने के आरोप लगाए। वहीं खबर मिलने के बाद कोंडली से आम आदमी पार्टी के विधायक कुलदीप कुमार भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने पुलिस पर परिवार को बंधक बनाने का आरोप लगाया। विधायक ने कहा कि दिल्ली कैंट के बाद अब पूर्वी दिल्ली में मासूम को निशाना बनाया गया है। वहीं पुलिस अधिकारियों ने किसी भी तरह की लापरवाही बरने की बात से इंकार किया है।

जानकारी के अनुसार, छह साल की मासूम अपने परिवार के साथ मयूर विहार थाना क्षेत्र के त्रिलोकपुरी में रहती है। मासूम अपने घर के पास ही खेल रही थी। इस बीच पड़ोस में रहने वाला 30 वर्षीय तमिलनाडु निवासी युवक बच्ची को मिठाई दिलाने की बात कर अपने कमरे पर ले गया। वहां आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी को कुछ भी बताने पर उसे जान से मारने की धमकी दी। बच्ची बुरी तरह डर गई। शाम के समय उसकी तबीयत बिगड़ी तो बच्ची ने परिजनों को सारी बात बताई। मासूम को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां उसके साथ गलत काम होने का पता चला। परिजनों ने शाम करीब चार बजे पुलिस को खबर दी।