उत्तरप्रदेश : दिमागी रूप से कमजोर किशोरी को घर में अकेली देख अधेड़ ने किया दुष्कर्म

वर्तमान समय में कई घटनाएं ऐसी सामने आती हैं जो बेहद शर्मनाक होती हैं और सोचने पर मजबूर कर देती हैं। ऐसी ही एक घटना आगरा के थाना कागारौल क्षेत्र के एक गांव से सामने आई जहां के अधेड़ पर 14 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म करने का आरोप है। आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। पीड़ित परिवार के मुताबिक किशोरी दिमागी रूप से कमजोर होने के साथ हाथ-पैर से भी लाचार है। मंगलवार को वह घर में अकेली थी। पिता-भाई और अन्य लोग खेत में पानी लगाने गए थे।

आरोप है कि तभी गांव का एक अधेड़ तारा उसके घर आ गया। किशोरी को अकेली देख उसके साथ दुष्कर्म किया। किशोरी के शोर मचाने पर पिता-भाई और गांववाले दौड़े, तो आरोपी भाग निकला। पीड़िता को लेकर परिजन थाना कागारौल पहुंचे। किशोरी के पिता की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी तारा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले में क्षेत्राधिकारी अछनेरा अभिषेक अग्रवाल ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।