आगरा : पुलिस की मौजूदगी में दबाया जा रहा किशोरी से दुष्कर्म का मामला, थाने में चली समझौते की पंचायत

कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं जब दुष्कर्म के मामलों में पुलिस द्वारा मामले को दबाया जाता हैं। ऐसा ही मामला आगरा के थाना एत्माद्दौला क्षेत्र में सामने आया है। परिजनों ने आरोपी को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने कार्रवाई नहीं की है। रात से लेकर सुबह तक थाने में आरोपी पक्ष के लोग पंचायत कर रहे हैं। समझौते का दबाव बनाया जा रहा है।

एत्माद्दौला क्षेत्र की 16 वर्षीय किशोरी को मंगलवार रात को पड़ोसी 40 वर्षीय व्यक्ति अपने बाड़े में बुलाकर ले गया था। वहां पहले से एक युवक था। युवक बाहर गेट पर खड़ा हो गया। आरोप है कि पड़ोसी ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया।

एक घंटे बाद किशोरी बदहवास हालत में घर पहुंची। उसने परिजनों को पूरी घटना बताई। उन्होंने आरोपी को पकड़कर पीट दिया। इसके बाद यूपी 112 पर सूचना दी। पीआरवी मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मी आरोपी को थाने ले गए। रात 12 बजे किशोरी को परिजन थाने लाए। पुलिस को घटना की जानकारी दी। मगर, किशोरी को मेडिकल के लिए नहीं भेजा।

पीड़िता के भाई का कहना है कि आरोपी का परिवार काफी दबंग है। घटना के बाद से थाने के चक्कर लगा रहे हैं। समझौते का दबाव बनाया जा रहा है। पुलिस की मौजूदगी में डेढ़ लाख रुपये देने की बात करने लगे। आरोपी को छुड़ाने की कोशिश की जा रही है। सुबह नौ बजे तक थाने में समझौते को पंचायत चल रही थी। सीओ छत्ता राजीव कुमार का कहना है कि पीड़िता के परिजनों से तहरीर ली जा रही है। आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।