कोरोना संकट कम होने पर खुली 11 देशों के लिए सऊदी अरब की सरहद, भारत की हवाई यात्रा पर रोक

कोरोना का कहर अब दुनिया में कम होता दिखाई दे रहा हैं जिसके चलते सऊदी अरब ने फिर से अपनी सरहद खोलने का काम किया हैं और 11 देशों के लिए हवाई यात्रा से रोक हटाई हैं। लेकिन भारत में कोरोना के मामलों को देखते हुए भार्तिय्पों पर अभी भी प्रतिबंध जारी हैं। जनरल अथॉरिटी ऑफ सिविल एविएशन ने सभी एयरलाइंस को नए नियमों की जानकारी दे दी है। गैर-सऊदी यात्रियों, नियमों से बाहर रखे गए यात्रियों, इम्युनाइज हो चुके और वैक्सिनट नहीं हुए लोगों को अपने हेल्थ सर्टिफिकेट दिखाने होंगे जो 72 घंटे भीतर के होने चाहिए।

कोरोना महामारी के खतरे को देखते हुए सऊदी अरब ने कई देशों की हवाई यात्रा पर प्रतिबंध लगा दिया था। अब मामले घटने के बाद उसने 11 देशों से यात्रा प्रतिबंध हटाने का फैसला किया है, हालांकि भारत समेत 13 देश अभी भी रेड लिस्ट में शामिल हैं। रेड लिस्ट में शामिल देशों पर प्रतिबंध अभी जारी रहेगा। जिन देशों के यात्रियों के लिए यात्रा प्रतिबंध खत्म किए गए हैं, उनमें यूएई, जर्मनी, अमेरिका, आयरलैंड, इटली, पुर्तगाल, ब्रिटेन, स्वीडन, स्विजरलैंड, फ्रांस और जापान शामिल हैं। वहीं, जिन 13 देशों पर बैन कायम है उनमें भारत, लीबिया, सीरिया, लेबनान, यमन, ईरान, तुर्की, आर्मीनिया, सोमालिया, डेमोक्रैटिक रिपब्लिक ऑफ कांगो, अफगानिस्तान, वेनेजुएला और बेलारूस शामिल हैं।