ऐतिहासिक फैसला : दो-तिहाई समर्थन के साथ स्विट्जरलैंड में मिली समलैंगिक जोड़ों को विवाह की अनुमति

रविवार को स्विट्जरलैंड में एक ऐतिहासिक फैसला किया गया जिसका दो तिहाई जनता ने समर्थन किया। यहां समलैंगिक जोड़ों को विवाह की अनुमति दी गई। साल 2007 में ही स्विट्जरलैंड द्वारा समलैंगिक लोगों को साथ रहने का अधिकार दिया जा चुका था लेकिन तब विवाह की अनुमति नहीं दी गई थी। वहीं अब विवाह की अनुमति मिलने के बाद से समलैंगिक समुदाय के लोग बहुत खुश नजर आ रहे हैं।

इस फैसले के लिए जनमत संग्रह करवाया गया था जिसमें 64.1 फीसदी मतदाताओं ने इसका समर्थन किया। इस फैसले से अब स्विट्जरलैंड में भी पश्चिमी यूरोप के कई अन्य देशों के समान ही समलैंगिकों को विवाह करने की अनुमति मिल गई है।

इस फैसले का समर्थन करने वाले लोग मानते हैं कि अब कानूनी रूप से समलैंगिक लोगों को कई वो अधिकार मिल पाएंगे जिनसे वे पहले वंचित रह गए थे। इस फैसले से वे अब बच्चों को भी गोद ले सकेंगे और उन्हें नागरिकता भी मिलेगी। वे देश के हर अधिकार का फायदा ले सकेंगे। वहीं कई लोगों ने इस विवाह का समर्थन नहीं किया। उनकी नजरों में समलैंगिक विवाह उचित नहीं है। उनका कहना है कि बच्चों को माता-पिता दोनों का प्यार जरूरी होता है। वहीं कई लोगों ने कहा कि यह फैसला प्रकृति के नियमों के खिलाफ है।