सचिन-सहवाग ने ‘फ्लाइंग सिख’ को दी श्रद्धांजलि, कहा - आप हमेशा ही आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे

भारत के महान फर्राटा धावक ‘फ्लाइंग सिख’ मिल्खा सिंह (Milkha Singh) का निधन हो गया। कोरोना संक्रमण से एक महीने तक जूझने के बाद मिल्खा सिंह का चंडीगढ़ के पीजीआईएमईआर में शुक्रवार रात 11:30 बजे निधन हो गया। मिल्खा 17 मई को कोरोना संक्रमित पाए गए थे। 91 वर्षीय सिंह की शुक्रवार शाम को कोरोना के बाद उत्पन्न हुई जटिलताओं के कारण हालत गंभीर हो गयी थी जिसमें उनका आक्सीजन स्तर कम हो गया था और उन्हें तेज बुखार आ रहा था। एक सप्ताह पहले उनकी पत्नी और भारतीय वॉलीबॉल टीम की पूर्व कप्तान निर्मल कौर का भी निधन हो गया था। मिल्खा सिंह के निधन की खबर से पूरे देश में शोक का लहर है। सचिन तेंदुलकर, वीरेंद्र सहवाग, कपिल देव, सानिया मिर्जा, हरभजन सिंह समेत कई प्रमुख हस्तियों ने उन्हें श्रद्धांजलि दी है। इसके अलावा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर पर 'भारत रत्न' ट्रेंड हो रहा है। ट्विटर पर लोग मिल्खा सिंह को देश के सर्वोच्च सम्मान भारत रत्न देने की मांग कर रहे हैं।

लिटिल मास्टर सचिन तेंदुलकर ने मिल्खा सिंह को श्रद्धांजलि देते हुए लिखा, 'फ्लाइंग सिख मिल्खा सिंह जी आपकी आत्मा को शांति मिले। आपके जाने से देश के दिल में एक खालीपन पैदा हो गया है। आप हमेशा ही आने वाली पीढ़ियों को प्रेरणा देते रहेंगे।'

सहवाग ने कहा, 'महान व्यक्ति मिल्खा सिंह हमें छोड़कर चले गए। लेकिन मिल्खा सिंह बहादुरी का सिंबल बनकर हमेशा हमारे दिल में जिंदा रहेंगे। वो क्या शख्सियत थे। मिल्खा सिंह के परिवार के साथ मेरी संवेदनाएं हैं।'

भारतीय खेल प्राधिकरण ने ट्वीट किया, 'राष्ट्रमंडल खेल और एशियाई खेलों के स्वर्ण पदक विजेता मिल्खा सिंह के नाम 400 मीटर का राष्ट्रीय रिकॉर्ड 38 साल तक रहा। उनके परिवार और उन लाखों लोगों के प्रति संवेदना जिन्हें उन्होंने प्रेरित किया।'