पुतिन की आलोचना करने वाली मॉडल की लाश सूटकेस में मिली, एक्स-बॉयफ्रेंड ने हत्या की बात कबूली

रूसी मॉडल ग्रेटा वेडलर का शव एक सूटकेस से बरामद हुआ है। 23 साल की ग्रेटा पिछले करीब एक साल से लापता थीं, लेकिन उनका सोशल मीडिया अकाउंट एक्टिव था। ग्रेटा पहली बार सुर्खियों में तब आई थीं, जब उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिनको साइकोपैथ कह डाला था।

फॉक्स न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉडल ग्रेटा वेडलर की हत्या उनके एक्स-ब्वॉयफ्रेंड दिमित्री कोरोविन (Dimitry Korovin) ने की थी। कोरोविन ने ग्रेटा को गला घोंटकर मारा और फिर शव को सूटकेस में भरकर कार की डिक्की में डाल दिया। अब कोरोविन ने अपना जुर्म कुबूल करते हुए बताया है कि वो ग्रेटा वेडलर को 300 मील दूर ड्राइव करके रूस के लिपेट्स्क में ले गया था, जहां उसने ग्रेटा के शव को सूटकेस में डालकर गाड़ी की डिक्की में लावारिस छोड़ दिया।

बताया गया कि दिमित्री कोरोविन ने ग्रेटा को पैसों के विवाद में मारा था। माना जा रहा है कि इस हत्या का ग्रेटा की राजनैतिक बयानबाजी का कोई लेना-देना नहीं है। कोरोविन ने जांच अधिकारियों को बताया कि वह तीन रातों तक एक होटल के कमरे में ग्रेटा के शव के साथ सोया था।

ग्रेटा की मौत के बाद कोरोविन उसका सोशल मीडिया पेज अपडेट करता था, ताकि किसी को उसके मरने या फिर गायब होने का शक नहीं हो। फिलहाल ग्रेटा के एक्स-ब्वॉयफ्रेंड कोरोविन ने अपना गुनाह कबूल कर लिया है। उसकी निशानदेही पर ग्रेटा की लाश भी बरामद हो गई।

गौरतलब है कि यूक्रेन के साथ जारी जंग के बीच रूसी मॉडल ग्रेटा की लाश मिलने से कई तरह के सवाल खड़े हो गए हैं। दरअसल, रूसी मॉडल ने एक साल पहले राष्ट्रपति पुतिन की खुलेआम आलोचना की थी, जिसके बाद से ही वह लापता थी।