रूस की बमबारी के बीच यूक्रेन में बंकरों में गूंज रहीं किलकारियां, 7 दिन में 100 बच्चों ने जन्म लिया

रूस राजधानी कीव के अलावा खार्किव सहित कुछ बड़े शहरों में रूसी सेना मिसाइलें दाग रही है। हर तरफ तबाही का मंजर है। इस बीच खौफ के साये में यूक्रेन के अस्पतालों की बेसमेंट में किलकारियां गूंज रही हैं। यूक्रेन के मारियुपोल शहर में मैटरनिटी हॉस्पिटल की बेसमेंट को बॉम्ब शेल्टर और अस्थायी मैटरनिटी वार्ड में तब्दील कर दिया गया है। ऐसा ही एक नजारा खार्किव में भी देखने को मिला, जहां एक प्रसूति वार्ड को बॉम्ब शेल्टर बनाया गया। यूक्रेन के विदेश मंत्रालय के मुताबिक यूक्रेन में जंग शुरू होने के बाद से अब तक 100 से ज्यादा बच्चे जन्म ले चुके हैं।

अब तक 18 हजार भारतीयों ने Ukraine छोड़ा

ऊधर, विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अरिंदम बागची ने बताया कि अब तक कुल 18 हजार भारतीयों ने यूक्रेन छोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन गंगा की रफ्तार लगातार बढ़ती जा रही है। एक दिन में 15 फ्लाइट के जरिए 3 हजार भारतीयों को वापस लाया गया है। पिछले 24 घंटे में 30 फ्लाइट्स से 6400 भारतीयों को वापस लाया गया है। उन्होंने संकट के दौरान मदद के लिए यूक्रेन और उसके पड़ोसी देशों को धन्यवाद दिया है।