यूक्रेन को रौंद रहे हैं रूसी टैंक, मोदी से मांगी मदद, कहा- आपका रसूख है, रूस से बात करें

लंबे तनाव के बाद रूस ने गुरुवार सुबह 8:30 बजे यूक्रेन पर हमला बोल दिया। मिसाइल हमले में यूक्रेन के 9 नागरिकों की मौत हो गई है। रूस की फौज यूक्रेन के कई इलाकों में पहुंच चुकी है। रूस के हमले के बीच यूक्रेन ने भारत से मदद मांगी है। यूक्रेन के राजदूत ने पीएम नरेंद्र मोदी से हस्तक्षेप करने की गुजारिश की है। यूक्रेन के भारत में एम्बेसेडर ने कहा- भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रूसी राष्ट्रपति से बात करें। मोदी का वर्ल्ड लीडर के तौर पर जो रसूख है, उसकी वजह से पुतिन उनकी बात जरूर सुनेंगे।

उधर, यूक्रेन का दावा है कि उसने 6 रूसी फाइटर जेट्स को मार गिराया है। बताया जाता है कि यूक्रेन के कई गांव पर रूसी सेना का कब्जा हो गया है। यहां सिलसिलेवार धमाके हो रहे हैं। इस बीच, बेलारूस बॉर्डर से भी रूस ने हमला बोल दिया। रूस अब तीन तरफ से यूक्रेन पर हमले कर रहा है। दूसरी तरफ, NATO भी अब रूस के खिलाफ जवाबी सैन्य कार्रवाई की तैयारी कर रहा है। हैरानी की बात यह है रूसी राष्ट्रपति जहां हमले की बात स्वीकार कर रहे हैं, वहीं उनकी सेना ने कहा है कि उसने यूक्रेन पर अब तक कोई हमला नहीं किया।

पुतिन का ऐलान और फौरन हमलायूक्रेन-रूस विवाद पर भारत के रुख की बात करें तो वह अबतक न्यूट्रल रहा है। मतलब भारत अभी तक युद्ध या गतिरोध में किसी की तरफ नहीं है। विदेश मंत्रालय की तरफ से गुरुवार सुबह भी कहा गया कि भारत का स्टैंड इस जंग पर न्यूट्रल है और उनको शांतिपूर्ण समझौते की उम्मीद है। इससे पहले संयुक्त राष्ट्र की आपातकालीन मीटिंग में भी भारत ने कहा था कि उसका चिंता 20,000 भारतीय लोगों की सुरक्षा को लेकर है, जो यूक्रेन में पढ़ाई करते हैं या काम से गए हैं।