यूक्रेन: कीव के आसपास अब तक 410 लाशें मिलीं, विदेश मंत्री ने कहा - रूसी सेना ISIS से भी बदतर

रूस-यूक्रेन के बीच छिड़ी जंग का आज 40वां दिन है। रूसी सेना यूक्रेन की राजधानी कीव के आसपास के इलाकों को खाली कर रही है। जैसे-जैसे रूसी सेना पीछे हट रही है, सड़कों पर शवों की संख्या बढ़ती जा रही है। अब तक कीव के आसपास के बुचा समेत कई इलाकों से 410 यूक्रेनियों के शव मिल चुके हैं।

कीव के सरकारी अभियोजक इरिना वेनेडिकोत्वा ने बताया कि अब तक 410 शव मिले हैं ये संख्या लगातार बढ़ती जा रही हैं. यूक्रेन के विदेश मंत्री दिमित्री कुलेबा ने रूस की तुलना आतंकी संगठनों से की है। उन्होंने रूसी सेना को ISIS से भी बदतर बताया है। उन्होंने कहा कि बुचा शहर से पीछे हटते वक्त रूसी सैनिक गुस्से में बेवजह आम लोगों की हत्या कर रहे थे, जबकि यूक्रेनी उनका विरोध भी नहीं कर रहे थे।

कुलेबा का कहना है कि बुचा नरसंहार सोची समझी रणनीति है, रूस का मकसद ज्यादा से ज्यादा यूक्रेनी नागरिकों को मारना है। वहीं, यूक्रेनी राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की के सलाहकार मिखाइलो पोडलियाक ने इसे कीव क्षेत्र में 21वीं सदी की सबसे भयानक तबाही बताया है। उन्होंने कहा नाजियों का सबसे घृणित अपराध अब यूरोप में लौट आया है।

मारियुपोल में बड़ी संख्या में लोग फंसे हुए हैं। इन लोगों को बचाने का प्रयास जारी है। रेड क्रॉस ने शनिवार को कहा कि वह अभी तक प्रभावित बंदरगाह शहर तक नहीं पहुंचा है, जहां एक लाख लोग फंसे हुए हैं।