Russia Ukraine War: बाइडेन ने पुतिन को बताया वॉर क्रिमिनल, रूस ने खोए अब तक 7000 से ज्यादा सैनिक

रूस-यूक्रेन जंग का आज 22वां दिन है। रूस ने कीव के बाद यूक्रेन के मारियूपोल शहर में भी जबरदस्त बमबारी की है। यूक्रेन ने दावा किया है कि रूसी सेना ने मारियूपोल के एक थियेटर में एयरस्ट्राइक की। इस थियेटर में सैकड़ों आम नागरिक शरण लिए हुए थे। अभी स्पष्ट नहीं है कि इस हमले में कितने लोगों की मौत हुई और कितने घायल हुए हैं। इस बीच न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को 'वॉर क्रिमिनल' बताया है। बाइडेन के बयान को रूस के खिलाफ अमेरिका के रुख में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। बाइडेन और उनके प्रशासन के अधिकारी अब तक यूक्रेन पर हमले को वॉर क्राइम कहने से बचते रहे हैं।

उधर, न्यूयॉर्क टाइम्स ने दावा किया है कि रूस 20 दिन की लड़ाई में ही 7,000 से ज्यादा सैनिक खो चुका है, जिनमें तीन जनरल भी शामिल हैं। उसके 14 से 21 हजार के बीच में सैनिक बुरी तरह घायल हैं। यह दावा अमेरिका रक्षा कार्यालय पेंटागन के अधिकारियों की राष्ट्रपति बाइडेन को भेजी जाने वाली डेली इंटेलिजेंस रिपोर्ट के हवाले से किया गया है। रिपोर्ट में बताया गया है कि रूसी सैनिकों का मनोबल बुरी तरह टूट चुका है और वे लड़ने के बजाय वाहन खड़े कर घूमते देखे जा रहे हैं।

इंटेलिजेंस रिपोर्ट में मौत के आंकड़े का अनुमान जले हुए रूसी टैंकों व अन्य वाहनों की सैटेलाइट इमेज के आधार पर लगाया गया है। बता दें कि यूक्रेन 13,500 से ज्यादा रूसी सैनिकों को मारने का दावा कर रहा है, जबकि रूस ने महज 498 सैनिक मारे जाने की पुष्टि की है।

यूक्रेन ने Melitopol के मेयर को कराया आजाद, बदले में छोड़े 9 रूसी सैनिक

यूक्रेन ने बंदी बनाए गए रूस के 9 सैनिकों को छोड़ दिया है। इसके बदले यूक्रेन के शहर Melitopol के मेयर को रूसी सेना से आजाद कराया गया है। यूक्रेन का कहना है कि आजाद किए गए रूसी सैनिक 2002, 2003 में पैदा हुए थे, मतलब ये अभी बच्चे ही हैं।