रूस की अब स्वीडन और फिनलैंड को चेतावनी, NATO में शामिल हुए तो अंजाम भयानक होगा

राजधानी कीव समेत यूक्रेन के सभी अहम शहरों पर रूस के हमले जारी है। रूसी सैनिक राजधानी कीव में दाखिल हो गए हैं और यूक्रेनी सैनिकों से उनकी आमने-सामने की लड़ाई शुरू हो चुकी है। इस बीच यूक्रेन ने 150 रूसी पैराटूपर्स से भरा प्लेन मार गिराने का दावा किया है। उधर, यूक्रेन पर हमले के बीच रूस ने अब स्वीडन और फिनलैंड को चेतावनी जारी की है।

रूस ने धमकी दी है कि अगर ये दोनों देश नाटो में शामिल होते हैं, तो उनका अंजाम भी यूक्रेन की तरह भयानक होगा। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, रूसी विदेश मंत्रालय की ओर से स्वीडन और फिनलैंड से कहा गया है कि, वे नाटो में न शामिल हों। अगर ऐसा होता है तो इसके परिणाम बहुत ही भयानक होंगे।

उधर, यूक्रेन के राष्ट्रपति जेलेंस्की ने कहा कि आज की रात बाकी सभी दिनों से मुश्किल होगी। हमारे देश के कई शहर हमले का सामना कर रहे हैं। शेरनिहिव, सुमी, खारकीव, डोनबास, देश के दक्षिण में मौजूद शहर भी। लेकिन हम अपनी राजधानी कीव को नहीं गंवा सकते।