पुतिन का पलटवार, बाइडेन-हिलेरी क्लिंटन समेत 13 अमेरिकी नेताओं पर लगाया बैन

रूस-यूक्रेन जंग का आज 20वां दिन है। रूस ने अपने ऊपर दूसरे देशों द्वारा लगाई पाबंदी का जवाब दिया है। अमेरिका से लेकर ब्रिटेन तक, कई देशों ने रूस के खिलाफ सख्त एक्शन लिया है। अब उस एक्शन पर रूस ने राष्ट्रपति जो बाइडेन समेत 13 अमेरिकी नेताओं के अपने देश आने पर पाबंदी लगा दी है। बाइडेन के अलावा विदेश मंत्री एंटनी ब्लिंकन, रक्षा मंत्री लॉयड ऑस्टिन और पूर्व विदेश मंत्री हिलेरी क्लिंटन पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

जानकारी के लिए बता दें कि जब से राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की तरफ से यूक्रेन के खिलाफ युद्ध छेड़ा गया है, अमेरिका से लेकर यूरोपीय संघ के देशों तक, सभी ने रूसी अर्थव्यवस्था को जबरदस्त झटका दिया है। कई तरह की पाबंदियां लगा गईं। फिर चाहे एयरस्पेस बंद करना हो या फिर रूस से आ रहे तेल के आयात को रोकना हो। इस कार्रवाई की वजह से रूसी अर्थव्यवस्था को गहरी चोट पहुंची है और उसे भारी नुकसान का अनुमान है। खुद अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन भी कह चुके हैं कि पुतिन की वजह से रूस की अर्थव्यवस्था बुरी तरह बर्बाद हो गई है और वे खुद आइसोलेट हो चुके हैं। लेकिन इन प्रतिबंधों का जवाब रूस ने भी प्रतिबंधों से ही दिया है।

दूसरी तरफ, अमेरिकी टीवी चैनल फॉक्स न्यूज के सीनियर फोटो जर्नलिस्ट पियरे जाकरेवस्की की यूक्रेन में कवरेज के दौरान मौत हो गई। बताया जाता है कि उनकी कार रूसी फायरिंग की चपेट में आ गई थी।