IPL 2021 : छक्कों के मामले में धोनी को पछाड़ रोहित शर्मा ने बनाया यह रिकॉर्ड

बीते दिन मुंबई इंडियंस (MI) ने सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) पर जीत दर्ज की और टूर्नामेंट में शीर्ष स्थान पर जगह बनाई हैं। मुंबई इंडियंस के कप्तान रोहित शर्मा ने ओपनिंग की। इस मैच में जीत के साथ ही रोहित शर्मा ने अपने नाम एक नया रिकॉर्ड भी किया हैं। आईपीएल के सबसे सफल कप्तान का तमगा हासिल कर चुके रोहित ने शनिवार को छक्कों के मामले में रिकॉर्ड बनाया और धोनी को पछाड़ दिया। वह अब आईपीएल इतिहास में सर्वाधिक छक्के लगाने वाले भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। बात करें रोहित की पारी की तो सनराइजर्स के खिलाफ भी वह तेज शुरुआत के बावजूद बड़ी पारी नहीं खेल पाए। रोहित ने 25 गेंदों में 32 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने दो चौके और दो छक्के लगाए। उन्हें विजय शंकर ने धीमी गेंद पर आउट किया।

रोहित ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच में भुवनेश्वर कुमार की गेंद पर छक्का जड़कर यह मुकाम हासिल किया। उनके नाम अब 198 पारी में 217 छक्के हो गए हैं और वह धोनी के 216 छक्कों से आगे निकल गए हैं। हालांकि आईपीएल में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड अभी भी कैरेबियाई बल्लेबाज क्रिस गेल के नाम दर्ज है। गेल ने अभी तक टूर्नामेंट में 351 छक्के लगाए हैं और उनके आसपास भी कोई नहीं है। दूसरे स्थान पर मौजूद एबी डीविलियर्स के नाम पर 237 छक्के दर्ज हैं।

रोहित ने इसके अलावा एक और मुकाम हासिल किया। वह अब टी-20 में बतौर कप्तान 4000 रन बनाने वाले चौथे भारतीय बन गए हैं। उनके अब 4004 रन हो गए हैं। इस मामले में विराट कोहली (6044) के सर्वाधिक रन हैं।