अहमदाबाद से कांग्रेस का टिकट ठुकराने वाले रोहन गुप्ता अब BJP में शामिल

नई दिल्ली। गुजरात में कांग्रेस का टिकट ठुकराने वाले रोहन गुप्ता ने गुरुवार को भाजपा का दामन थाम लिया। दिल्ली में भाजपा मुख्यालय में केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी और पार्टी महासचिव विनोद तावड़े ने रोहन गुप्ता का स्वागत किया और पार्टी की सदस्यता दिलाई। इसके अलावा कश्मीर से डॉ. जहानजैब सिरवाल, पंजाब से पूर्व आईएएस प्रेमपाल कौर और उनके पति गुरदीप सिंह मालूका ने भी भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

गौरतलब है कि रोहन गुप्ता ने 18 मार्च को ऐलान किया था कि वो कांग्रेस के टिकट पर चुनाव नहीं लड़ेंगे। कांग्रेस ने रोहन को अहमदाबाद उत्तर सीट से टिकट दिया था। रोहन ने कांग्रेस का टिकट यह कहकर ठुकरा दिया था कि उनके पिता नहीं चाहते हैं कि वो कांग्रेस से चुनाव लड़ें। पिताजी की जिद पर वो झुक गए हैं। उसके बाद 22 मार्च को कांग्रेस के संचार विभाग से जुड़े एक नेता पर लगातार अपमान और चरित्र हनन का आरोप लगाया था और कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। रोहन कांग्रेस आईटी सेल और सोशल मीडिया के हेड रहे हैं। वे राष्ट्रीय प्रवक्ता भी रहे हैं।

इस अवसर पर विनोद तावड़े ने कहा, रोहन गुप्ता ने कांग्रेस में कई बड़ी जिम्मेदारियाँ संभाली हैं, भाजपा में हम आने वाले दिनों में उनके स्किल का उपयोग कर पाएंगे। जहानजैब शेरवाल जी कश्मीर से आते हैं। वे कांग्रेस की यूथ विंग में रहे हैं। उनका स्वागत करते हैं। उन्होंने संगठन में रहकर कई बड़ी जिम्मेदारियां संभाली। तावड़े ने कहा, प्रेमपाल कौर आईएएस अफसर रही हैं। उन्होंने पंजाब में प्रशासनिक सेवा में अच्छा योगदान दिया है। वो पंजाब के नेता सिकंदर सिंह मलूका की बहू हैं। उनके साथ भठिंडा के चेयरमैन और प्रेम पाल के पति गुरदीप सिंह ने भी भाजपा जॉइन की है। इन दोनों नेताओं के आने से पंजाब में भाजपा को नई ताकत मिलेगी।