छत्तीसगढ़ : ड्राइवर को झपकी आने से हादसे का शिकार हुई बारातियों से भरी गाड़ी, 3 की मौत जबकि 7 की हालत गंभीर

सोमवार को छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसा देखने को मिला जहां ड्राइवर को झपकी आने से बारातियों से भरी गाड़ी अनियंत्रित होकर पेड़ से जा टकराई। इस हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि 7 लोगों की हालत गंभीर है। हादसा पखनार पुलिस चौकी क्षेत्र में हुआ है। पुलिस ने सभी घायलों को डिमरापाल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है। पुलिस ने बताया कि वाहन की रफ्तार काफी तेज थी। जिसके कारण ड्राइवर नियंत्रण नहीं रख सका। बताया जा रहा है कि वाहन दुर्घटनाग्रस्त होने का ओवरलोड भी एक कारण था। इस हादसे के बाइ गांव में मातम छाया हुआ है। सभी लोग शादी के बाद दुल्हन की विदाई करा लौट रहे थे। वर-वधु दोनों दूसरे वाहन में सवार थे।

जानकारी के मुताबिक, देउरगांव में शादी थी। वहां रात करीब 2 बजे कार्यक्रम खत्म हुआ तो दुल्हन की विदाई करा सभी बाराती चंद्रगिरी लौट रहे थे। एक स्कार्पियो वाहन में 10 लोग सवार थे, जबकि दूसरी कार में वर-वधु व अन्य लोग बैठे थे। अभी वे तड़के करीब 4 बजे कोयपाल मोड़ के पास पहुंचे थे कि स्कार्पियो के चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया और वह सड़क किनारे लगे पेड़ से जा टकराई। हादसा इतना जबरदस्त था कि वाहन के परखच्चे उड़ गए।

हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस पहुंची और रेक्स्यू ऑपरेशन शुरू किया। इस दौरान लोग स्कार्पियो के अंदर फंसे हुए थे। किसी तरह उन्हें बाहर निकाला गया। इस दौरान दो युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। जबकि एक की अस्पताल ले जाने के दौरान मौत हो गई। मृतकों में विनोद कश्यप (26) और शंकर कश्यप (23) शामिल हैं। तीसरे की जानकारी नहीं मिल पाई है। वहीं घायलों में संतुराम, घनश्याम, रितेश, लूदरु, सुखमन और लोकेश शामिल हैं।