जयपुर : हाईवे पर बही दूध की नदी, पलटे टैंकर से बह रहे दूध को इकठ्ठा करने पहुंचे लोग

जयपुर में गुरुवार को दिल्ली हाईवे पर भाबरू गांव के पास एक रोचक नजारा देखने को मिला जहां दूध के एक टैंकर के पलटने से दूध की नदी बह गई और लोग इसे इकठ्ठा करने के लिए बर्तन लेकर दौड़ पड़े। ग्रामीण घरों से बर्तन और बाल्टियां लेकर घटनास्थल पर पहुंचे। तब ग्रामीणों ने मौके का फायदा उठाकर बर्तनों में दूध भरकर घर तक ले जाना शुरू कर दिया। सूचना मिलने पर शाहपुरा पुलिस और हाईवे पेट्रोलिंग पुलिस दल मौके पर पहुंचा। तब लोग वहां से भाग निकले।
पुलिस के मुताबिक, दूध से भरा टैंकर भीलवाड़ा दुग्ध उत्पादक सहकारी समिति का था। यह टैंकर भीलवाड़ा से दिल्ली में किसी दूध प्लांट पर जा रहा था। इसी दौरान जयपुर दिल्ली हाईवे पर भाभरु गांव के पास टैंकर पलट गया। गनीमत रही कि हादसे में ड्राइवर और खलासी बच गए। वे उतरकर टैंकर से बाहर आ गए और थोड़ा दूर जाकर खड़े हो गए। लेकिन टैंकर के पलटने से टैंक के ढक्कनों पर लगी सील टूट गई। इससे ढक्कने खुलने पर दूध सड़क पर बहने लगा। हाईवे पर दूध की नदी बहने लगी। पुलिस ने मशक्कत कर टैंकर को क्रेन की मदद से खड़ा करवाया।