पंजाब : रिटायर सब इंस्पेक्टर ने पत्नी के सिर को कई बार फर्श पर पटक की हत्या, बैठा रहा शव के पास

पंजाब के मोहाली में मंगलवार को एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां चंडीगढ़ पुलिस से रिटायर सब इंस्पेक्टर ने पत्नी के सिर को कई बार फर्श पर पटक हत्या कर डाली और वारदात के बाद वह शव के पास ही बैठा रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा तोड़कर आरोपी को काबू किया। पुलिस के सामने उसने वारदात कबूल ली। पुलिस का कहना है कि कुछ साल पहले आरोपी रिटायर हुआ था। उसके बाद से उसके अक्सर विवाद होते रहते थे। कुछ समय पहले उसने अपने साले पर गोलियां चला दी थी। इस मामले में वह कुछ समय पहले ही जेल से बाहर आया था।

मृतका की पहचान साठ वर्षीय कुलदीप कौर के रूप में हुई है। वहीं आरोपी की पहचान करतार सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी पर हत्या का केस दर्ज किया है। जानकारी के मुताबिक करतार सिंह अपने परिवार के साथ फेज-11 में रहता है। उसके परिवार में दो लड़के हैं। इनमें से एक बेटा आस्ट्रेलिया, जबकि दूसरा बेटा मोहाली पुलिस में तैनात है। मंगलवार सुबह पति-पत्नी ही घर पर थे। बेटा ड्यूटी पर गया हुआ था। इसी दौरान दोनों में किसी बात को लेकर तकरार हो गई। इसके बाद आरोपी ने पत्नी का सिर फर्श पर कई बार पटका। महिला के चिल्लाने की आवाज सुनकर पड़ोसियों ने कोशिश की तो कमरा अंदर से बंद था। उन्होंने दंपती के बेटे को फोन किया। इसके बाद पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने दरवाजा तोड़ा तो अंदर महिला का शव पड़ा हुआ था। जबकि आरोपी उसके पास बैठा हुआ था।