Republic Day 2022 : घोड़ों पर सवार काफिले के साथ 10:23 पर राजपथ पहुचेंगे राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद

आज देश अपना 73वां गणतंत्र दिवस मना रहा है। आज राष्ट्रपति ध्वजारोहण करेंगे। 10.21 मिनट पर फर्स्ट लेडी राजपथ पर पहुचेंगी। ठीक 10.23 पर राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद अपने काफिले और घोड़ों पर सवार प्रेसीडेंट बॉडीगार्ड्स के साथ राजपथ पर पहुंचेंगे। 10.26 पर ध्वजारोहण और राष्ट्रगान होगा। इस दौरान 21 तोपों की सलामी दी जाएगी। 10.28 मिनट पर राष्ट्रपति सलामी मंच पर जम्मू कश्मीर पुलिस के एएसआई बाबू राम को मरणोपरांत अशोक चक्र प्रदान करेंगे। उनकी पत्नी रीता रानी शांति काल में वीरता का सबसे बड़ा पदक ग्रहण करेंगी। करीब 11.45 मिनट पर राजपथ पर परेड समाप्त हो जाएगी और आसमान में थलसेना, वायुसेना और नौसेना का फ्लाई पास्ट शुरू हो जाएगा।

सबसे पहले सुबह 10.05 बजे, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेशनल वॉर मेमोरियल पहुंचकर देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले सैनिकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। उस दौरान पीएम के साथ रक्षा मंत्री, राजनाथ सिंह, रक्षा राज्यमंत्री अजय भट्ट, रक्षा सचिव अजय कुमार और सेना के तीनों अंगों यानि थलसेना, वायुसेना और नौसेना के प्रमुख मौजूद रहेंगे।

BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यालय में किया ध्वजारोहण

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने गणतंत्र दिवस के मौके पर दिल्ली में पार्टी मुख्यालय में ध्वजारोहण किया। इसके बाद उन्होंने कहा कि मैं देशवासियों को 73वें गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं देता हूं। आज के दिन उन महानायकों और वीर सपूतों को याद करें जिन्होंने अपना सर्वस्व इस देश को गणतंत्र बनाने के लिए लगाया था।