हिमाचल : शादी का झांसा देकर युवती के साथ होता रहा 10 दिन तक दुष्कर्म, फरार हुआ आरोपी

हिमाचल के चंबा में युवती से दुष्कर्म का मामला सामने आया हैं जिसमें शादी का झांसा देकर युवती को होटल में बुलाया गया और 10 दिन तक उससे दुष्कर्म किया गया। आरोपी अभी फरार हैं जिसकी पुलिस तलाश कर रही हैं। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ किहार थाने में दुष्कर्म का मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही पुलिस आरोपी को पकड़ने के लिए उसके ठिकानों पर भी दबिश दे रही है। पुलिस ने लड़की की शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 363 और 376 के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की धरपकड़ शुरू कर दी है।

किहार थाने में पीड़ित युवती ने पुलिस को बताया कि आरोपी दो मार्च को उसके साथ शादी करने का झांसा देकर उसे चंबा ले गया। यहां 10 दिन तक वे निजी होटल में रहे। आरोप लगाया कि यहां व्यक्ति ने उसके साथ दुष्कर्म किया। आरोपी खुद को अविवाहित बताता रहा लेकिन, बाद में उसे पता चला कि उसकी दो शादियां पहले हो चुकी हैं। पहली पत्नी का स्वर्गवास हो चुका है और दूसरी पत्नी से उसे चार बच्चे हैं। आरोपी का सच पता लगने के बाद उसने बुधवार को किहार थाने में शिकायत दर्ज करवाई। पुलिस ने शिकायत दर्ज करने के बाद बुधवार रात को ही एसएचओ की अगुवाई में आरोपी के घर दबिश दी लेकिन आरोपी वहां से गायब हो चुका था। अब पुलिस उसके अन्य ठिकानों का पता लगाकर उसे पकड़ने का प्रयास कर रही है।