जयपुर जिले के प्रतापनगर स्थित पॉलिटेक्निक महिला कॉलेज में सोमवार (10 मार्च) को छात्राओं ने जोरदार हंगामा किया। कॉलेज के प्रिंसिपल सैयद मश्कूर अली पर अभद्रता और देहशोषण के आरोप लगाए गए। छात्राओं ने 3 फरवरी को तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव को लिखित शिकायत दी थी, जिसके आधार पर जांच कमेटी गठित की गई। जांच में प्रिंसिपल को दोषी पाए जाने के बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया।
पुनः जांच पर छात्राओं का आक्रोशप्रिंसिपल ने खुद को निर्दोष बताते हुए निलंबन का विरोध किया, जिसके बाद सोमवार को जांच कमेटी दोबारा कॉलेज पहुंची। इस पर छात्राओं ने आरोप लगाया कि प्रिंसिपल को बचाने के लिए दोबारा जांच कराई जा रही है। छात्राओं के अनुसार, उनकी नियुक्ति के बाद से ही वह लगातार अभद्रता कर रहे थे और विरोध करने पर आपत्तिजनक वीडियो वायरल करने की धमकी देते थे, जिससे वे पुलिस में शिकायत दर्ज कराने से डर रही थीं।
प्रिंसिपल पर गंभीर आरोपछात्राओं ने बताया कि प्रिंसिपल लाइब्रेरी के एक कोने में अलमारी के पीछे बैठते थे, जो CCTV कैमरे की जद में नहीं आता था। वह छात्राओं को व्हाट्सएप पर अश्लील मैसेज भेजते थे और उनके निजी ग्रुप में शामिल हो जाते थे। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह बड़े लोगों से संपर्क होने का झांसा देकर छात्राओं को अपनी कार में ले जाते और रास्ते में अभद्र हरकतें करते थे। हॉस्टल वार्डन और माता-पिता को बिना बताए छात्राओं से मिलने के लिए बुलाने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के बाद जांच कमेटी गठितछात्राओं ने 3 फरवरी को तकनीकी शिक्षा विभाग को शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद मामले की जांच के लिए कमेटी गठित की गई। जांच में कॉलेज के प्रिंसिपल सैयद मश्कूर अली को दोषी पाया गया और उन्हें निलंबित कर दिया गया। हालांकि, छात्राओं और कॉलेज स्टाफ का आरोप है कि उन्होंने अपनी शिकायत राजस्थान महिला आयोग की अध्यक्ष, मुख्यमंत्री कार्यालय के विशेष सचिव, मुख्य सचिव राजस्थान सरकार, तकनीकी शिक्षा विभाग के सचिव और राजस्थान संपर्क पोर्टल पर भी की, लेकिन प्रिंसिपल के खिलाफ सख्त कार्रवाई नहीं की गई।
पुलिस में शिकायत दर्ज, 20 छात्राओं ने लगाए गंभीर आरोपकॉलेज के कार्यवाहक प्रिंसिपल विनोद जांगिड़ ने मीडिया को बताया कि पूर्व प्रिंसिपल सैयद मश्कूर अली के खिलाफ लगे अभद्रता के आरोपों की जांच के लिए कमेटी आई थी। जब छात्राओं ने इस जांच का विरोध किया तो पुलिस को बुलाकर उनकी बातचीत करवाई गई। प्रतापनगर थानाधिकारी मनोज बेरवाल ने जानकारी दी कि करीब 20 छात्राओं ने हस्ताक्षरित शिकायत दर्ज करवाई है, जिसमें उन्होंने प्रिंसिपल पर दुराचार और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच सब-इंस्पेक्टर रेखा को सौंपी गई है।