अमानवीय घटना / राजस्थान में पंचों ने सजा के तौर पर युवक को जूते में पानी और पेशाब पिलाया

राजस्थान से एक अमानवीय घटना सामने आई है। यहां सजा के नाम पर एक युवक को पानी और पेशाब पिलाया गया। यह घटना पाली जिले की है। यहां एक युवक को छेड़छाड़ की झूठी शिकायत के बाद जूते में पानी और पेशाब पिलाया गया। इस घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है। लेकिन युवक का परिवार गायब है। इस घटनाक्रम से जुड़े सारे पंच भी गायब हैं। घटना के पीछे पुरानी रंजिश सामने आई है। स्थानीय युवक ने बदला लेने के लिए पंचों से छेड़छाड़ की शिकायत की थी। मामला चार-पांच दिन पुराना है।

पुलिस ने बताया कि पाली जिले के एक युवक की सिरोही के वीरपुर गांव के अन्य युवक से रंजिश है। इसका बदला लेने के लिए वीरपुर गांव के युवक ने प्लान बनाया। उसने पंचों से शिकायत की कि सुमेरपुर क्षेत्र का एक लड़का अपने गांव की युवती के साथ छेड़खानी करता है। इस पर पंचों ने बैठक बुलाई। कुछ लोग सुमेरपुर से आरोपी युवक को जबरन उठाकर ले आए।
बैठक में लड़के का पक्ष सुने बिना पंचों ने उसे दोषी करार दे दिया। पहले पंचों के जूते में पानी भरकर युवक को पिलाने का फरमान जारी हुआ। कुछ लोगों ने युवक को जूतों में पानी और पेशाब भरकर पीने को मजबूर किया।

जैसे ही इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो प्रशासन एक्शन में आ गया। अतिरिक्त मुख्य सचिव राजीव स्वरूप और पुलिस महानिदेशक भूपेंद्र यादव ने सिरोही के पुलिस अधीक्षक से घटना की रिपोर्ट तलब की। इसके बाद पुलिस टीम युवक की तलाश में उसके घर गई। वहां कोई नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिन पहले परिवार के लोग कहीं चले गए हैं। मामले में ज्यादती करने वाले पंच भी घटना के बाद से गायब हैं। पुलिस दोनों पक्षों को तलाश कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच कर रहे हैं। पीड़ित पक्ष को तलाश रहे हैं, ताकि पूरा घटना सामने आ सके।

राजस्थान में कोरोना वायरस संक्रमण तेजी से बढ़ रहा है। यहां आज 115 नए पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें भरतपुर में 68, जयपुर में 21, झुंझुनू में 8, टोंक में 6, दौसा और सिरोही में 4-4। झालावाड़ में 3, भीलवाड़ा में 1 सक्रमित मरीज मिला। इसके बाद कुल संक्रमितों का आंकड़ा 13 हजार 96 पर पहुंच गया। वहीं, जोधपुर में एक मरीज की मौत हो गई। इसके बाद राज्य में संक्रमण से मौत का आंकड़ा 302 पर पहुंच गया है।