अजीब वाक्या / महिला ने की आत्महत्या, मायके पक्ष के लोग शव को छीन कर ले गए

जोधपुर जिले के कापरडा में शुक्रवार दोपहर अजीब वाक्या सामने आया। यहां मायके पक्ष के कुछ लोग मिलकर एक महिला के शव को छीन कर ले गए। महिला ने गुरुवार को जहरीला पदार्थ खा लिया था। शनिवार को जोधपुर में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस पर मायके पक्ष के कुछ लोग वाहनों से आए और शव को जोधपुर से पीपाड़ ले जाते समय रास्ते में ससुराल पक्ष से छीनकर ले गए। महिला का पति अब शव वापस लाने के लिए पुलिस से गुहार लगा रहा है।

जोधपुर जिले के पीपाड़ निवासी शहजाद परवीन पत्नी अब्दुल समी ने रात को जहरीला पदार्थ खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर परिजन इलाज के लिए उसे जोधपुर लेकर आ गए। इलाज के दौरान परवीन की मौत हो गई। जोधपुर में पोस्टमार्टम की औपचारिकता पूरी कर ससुराल पक्ष के लोग एक वाहन में शव को वापस लेकर जा रहे थे। इस दौरान कापरड़ा के पास कई गाड़ियों में सवार होकर आए 20 से 25 लोगों ने शव के वाहन को रोक दिया। उन्होंने परवीन के ससुराल वालों से उसका शव छीन लिया और एक वाहन में रख पाली जिले के चंडावल गांव के लिए रवाना हो गए। शव ले जाने के बाद अब्दुल समी ने बिलाड़ा थाने में पहुंच कर पुलिस को पूरी घटना के बारे में जानकारी दी और शव को वापस दिलाने की गुहार भी लगाई। पुलिस ने पति की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।