चित्तौड़गढ़: बहन के साथ देखा तो भाइयों ने युवक की करी हत्या, पहचान छुपाने के लिए जला डाला शव

चित्तौड़गढ़ के निंबाहेड़ा में 12 दिसंबर को मिले एक अधजले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने बताया कि युवक की हत्या उसके पड़ोस में रहने वाले दो युवकों ने की थी। दोनों आरोपी सगे भाई हैं। आरोपियों ने अपनी बहन को युवक के साथ देख लिया था। इसके बाद उसकी पीट-पीटकर हत्या कर दी। उन्होंने शव की पहचान छुपाने के लिए शव को जला दिया था।

जानकारी के मुताबिक, 8 दिसंबर को राजेश (23) ने ईशाक मोहम्मद (32) को अपनी बहन के साथ एक घर के अंदर देख लिया था। इसकी जानकारी राजेश ने अपने बड़े भाई चेतन (24) को दी। जिसके बाद दोनों ने ईशाक के साथ इतनी मारपीट की जिसकी वजह से उसकी मौत हो गई। इतना ही नहीं शव की पहचान को छुपाने के लिए दोनों भाइयों ने मृतक को बोरी में बांधकर अलसीगढ़ की एक खाली खदान में ले गए और वहा उसे जला दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों चेतन और राजेश को गिरफ्तार कर लिया है।

ऐसे हुआ खुलासा

12 दिसंबर को शव मिलने के बाद पूरे मामले में स्पेशल टीम बनाकर जांच शुरू की। पुलिस जांच में सामने आया की घटना के चार-पांच दिन पहले चेतन ने अपनी बहन को खेत पर ईशाक के साथ देखा था। 8 दिसंबर को ईशाक को उसके भतीजे ने खेत पर जाते हुए देखा था। इसी रास्ते में लड़की का घर भी है। ईशाक के भतीजे ने यह बात पुलिस को बताई। पुलिस को गांव में पूछताछ करने पर ईशाक और आरोपी की बहन से प्रेम प्रसंग का पता चला। जिसके बाद पुलिस ने लड़की के घरवालों से सख्ती से पूछताछ की। इसमें लड़की के दोनों भाईयों ने अपना गुनाह कबूल लिया।