राजस्थान के अलवर जिले के कोटकासिम थाना क्षेत्र स्थित पाटन अहीर गांव में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां एक खेल मैदान में एक नवजात शिशु का आधा शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने पुलिस को सूचित किया, और पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पोस्टमार्टम के बाद शव को मोर्चरी में रखा
पुलिस अधिकारी ने बताया कि जांच के दौरान यह सामने आया कि खेल मैदान में खेल रहे बच्चों ने सबसे पहले नवजात शिशु का शव देखा और ग्रामीणों को सूचित किया। पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और डॉक्टरों की एक मेडिकल टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव को पुलिस को सौंप दिया गया। शरीर के नीचे का हिस्सा गायब
कोटकासिम ब्लॉक के मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. गोविंद सिंह ने बताया कि रविवार को पुलिस ने एक नवजात का शव अस्पताल लाया था, जिसका शरीर पूरी तरह से क्षत-विक्षत था। नवजात के सीने के नीचे का हिस्सा पूरी तरह से गायब था, जिससे ऐसा प्रतीत हो रहा था कि किसी जंगली जानवर ने उसे खा लिया हो।
हत्या की आशंका, गले में रस्सी बांधने का संकेत
डॉ. गोविंद सिंह ने आगे बताया कि नवजात की उम्र लगभग 24 घंटे के करीब थी, और यह संभावना जताई जा रही है कि नवजात की हत्या गले में रस्सी बांधकर की गई हो। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि बच्चा लड़का था या लड़की। पुलिस ने इस मामले में अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और परिजनों की तलाश जारी है।