मिजोरम में निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरा, 17 मरे, हादसे के वक्त 40 लोग कर रहे थे काम

आइजोल। मिजोरम में बुधवार को निर्माणाधीन रेलवे पुल गिरने से कम से कम 17 मजदूरों की मौत हो गई। न्यूज एजेंसी PTI ने अधिकारियों के हवाले से बताया कि राजधानी आइजोल से 21 किलोमीटर दूर सायरंग में सुबह 10 बजे यह हादसा हुआ है।

घटना के दौरान 35 से 40 मजदूर पुल पर काम कर रहे थे। यह पुल बैराबी को सायरांग से जोड़ने वाली कुरूंग नदी पर बन रहा था। मिजोरम के CM जोराम थांगा ने हादसे की तस्वीर और वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर की है। उन्होंने लिखा- प्रशासन रेस्क्यू ऑपरेशन चला रहा है। घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं।

तीसरे और चौथे पिलर के बीच का गाडर 341 फीट नीचे गिरा

पुल में कुल 4 पिलर हैं। तीसरे और चौथे पिलर के बीच का गाडर टूटकर गिरा है। सभी मजदूर इसी गाडर पर काम कर रहे थे। जमीन से पुल की ऊंचाई 104 मीटर यानी 341 फीट है। यानी पुल की ऊंचाई कुतुब मिनार से भी ज्यादा है।