किसानों के समर्थन में विपक्षी नेताओं संग जंतर-मंतर जाएंगे राहुल गांधी

केंद्र सरकार के तीन कृषि कानूनों के खिलाफ दिल्ली की सीमाओं पर लगभग 8 महीनों से चल रहा किसानों का धरना प्रदर्शन जंतर-मंतर तक पहुंच गया है। यहां 22 जुलाई से सैकड़ों किसान डेरा डाले हुए हैं। उनके इस आंदोलन को लगातार अपना समर्थन दे रही कांग्रेस पार्टी के सांसद राहुल गांधी आज विपक्षी नेताओं के संग जंतर-मंतर जाएंगे।

राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने शुक्रवार को कहा कि हमारे किसान भाई जंतर-मंतर पर बैठे हैं और अपने हक के लिए लड़ रहे हैं। हम सभी नेता(विपक्षी नेता) उनकी तीन कृषि कानूनों को रद्द करने की मांग का समर्थन करने के लिए वहां जाएंगे, इसमें राहुल गांधी भी शामिल होंगे।

वहीं, पेगासस मामले पर संसद के दोनों सदनों में चल रहे गतिरोध के बीच कांग्रेस और कई अन्य विपक्षी दलों के नेता शुक्रवार की सुबह बैठक कर आगे की रणनीति तय करेंगे।

दरअसल, विपक्षी दल इस बात जोर देते आ रहे हैं कि पेगासस जासूसी मुद्दे पर पहले चर्चा कराने के लिए सरकार के तैयार होने के बाद ही संसद में गतिरोध खत्म होगा। संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी ने विपक्ष की मांग को खारिज करते हुए गत शुक्रवार को लोकसभा में कहा था कि यह कोई मुद्दा ही नहीं है।