पूर्वांचल में चोटी कटने की घटनाएं, एक महिला समेत दो किशोरियों की चोटी कटी

पूर्वांचल के दो जिलों में लगातार चोटी कटने की घटनाएं होने से सनसनी फैल गई। शनिवार की रात भदोही जिले में एक महिला समेत दो किशोरियों और जौनपुर में एक युवती की चोटी सोते समय कट गई। घटना के दौरान कोई आरोपी नहीं दिखा।

भदोही जिले के सुरियावां के महुआपुर ग्रामसभा के जनकपुर दलित बस्ती निवासी रंजू देवी (25) पत्नी राजकुमार शनिवार की रात आंगन में सोई थी। भोर में अचानक उसके चोटी का निचला हिस्सा गायब हो गया। यह देखते ही वह बेसुध हो गई। परिवारवाले एंबुलेंस से उसे सीएचसी ले गए जहां एक घंटे बाद होश में बताया कि भोर में वह उठी तो ऐसा लगा आसपास कई लोग आकर उसका गला दबा रहे हैं। जिससे वह अचेत हो गई।

इसी तरह नगर के समीप रैपुरी गांव के प्रधान कैलाश यादव की पुत्री निधि और खुशी परिवार की अन्य बच्चियों के साथ बरामदे में सो रही थीं। उनकी दादी बगल में दूसरी चारपाई पर थीं। घर का चैनल भी बंद था। सुबह घर की महिलाएं सफाई कर रही थीं तो चारपाई के नीचे कटी चोटी गिरी देख अचंभित रह गईं।

खबर फैलते ही वहां सैकड़ों लोगों की भीड़ जुट गई। ग्राम प्रधान कैलाश यादव ने कहा कि इस घटना से वह खुद परेशान है। अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि जिले में चोटी कटने की एक भी घटना नहीं हुई है। कुछ लोग माहौल को खराब करने के लिए ऐसी हरकतें कर रहे हैं।