Punjab Election: पंजाब में राहुल गांधी करेंगे शक्ति प्रदर्शन, 117 उम्मीदवारों संग स्वर्ण मंदिर में टेकेंगे मत्था

कांग्रेस नेता राहुल गांधी आज एक दिवसीय दौरे पर पंजाब जाएंगे। इस दौरान वह पार्टी के सभी 117 विधानसभा उम्मीदवारों के साथ अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में मत्था टेकेंगे और लंगर सेवा में भाग लेंगे। पंजाब में 20 फरवरी को विधानसभा चुनाव के लिए मतदान होगा और चुनावी नतीजे 10 मार्च को आएंगे। राहुल गांधी गुरुवार सुबह अमृतसर हवाई अड्डे पर उतरने के बाद दरबार साहिब (स्वर्ण मंदिर) जाएंगे। इसके बाद वह सभी 117 प्रत्याशियों के साथ लंगर सेवा में भाग लेंगे। फिर कांग्रेस के नेता बसों में सवार होकर दुर्गयाणा मंदिर और भगवान वाल्मीकि तीर्थ स्थल पर पहुंचेंगे।

राहुल अमृतसर के बाद सड़क के रास्ते 100 किलोमीटर दूर जालंधर जाएंगे, जहां वह 'नवी सोच-नवा पंजाब' (नई सोच-नया पंजाब) नाम से आयोजित एक वर्चुअल जनसभा को संबोधित करेंगे।

सभी की निगाहें जालंधर की वर्चुअल रैली में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष के संबोधन पर होंगी, जहां से राहुल गांधी पार्टी के प्रचार अभियान की दिशा तय करेंगे। साथ ही राजनीतिक पंडित इस मेगा अभ्यास को न केवल शक्ति के प्रदर्शन के रूप में बल्कि एकता के प्रदर्शन के रूप में भी देखते हैं। क्योंकि कैप्टन अमरिंदर सिंह को हटाने के बाद भी पंजाब कांग्रेस में आतंरिक कलह चरम पर है। सूबे के पार्टी प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी, डिप्टी सीएम सुखजिंदर सिंह रंधावा और चुनाव अभियान प्रभारी सुनील जाखड़ कांग्रेस आलाकमान पर अप्रत्यक्ष रूप से सीएम फेस घोषित करने का दबाव बना रहे हैं।