पंजाब : मंत्री गुरप्रीत कांगड़ और डिप्टी स्पीकर अजायब सिंह हुए कोरोना संक्रमित, ध्वजारोहण के दौरान आए थे कई लोगों के संपर्क में

दुनिया भर में कोरोना संक्रमण के मामले लगातार बढ़ ही रहे हैं। देश में कोरोना मरीजों का आंकड़ा बढ़कर 26 लाख 47 हजार 664 हो गया है। संक्रमितों का यह बढ़ता आंकड़ा भयावहता को दर्शाता हैं। इससे पंजाब विधानसभा के डिप्टी स्पीकर अजायब सिंह भट्टी और कैबिनेट मंत्री गुरप्रीत सिंह कांगड़ भी नहीं बच पाए और वे दोनों ही कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। स्वतंत्रता दिवस के मौके पर दोनों कई लोगों के संपर्क में आए थे। इसके अलावा कांगड़ की बहु हरमनवीर जस्सी कांगड़ की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है।

हरमनवीर कोआपरेटिव बैंक बठिंडा की चेयरपर्सन हैं। इनके संपर्क में आए सभी लोगों के टेस्ट किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अजायब सिंह और कांगड़ के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है।डिप्टी स्पीकर अजायब सिंह भट्टी ने स्वतंत्रता दिवस पर फरीदकोट में नेहरू स्टेडियम में ध्वजारोहण किया था। कार्यक्रम के दौरान वे कई अफसरों और नेताओं से मिले और बाद में कुछ नेताओं के घर भी गए थे। इसके बाद उन्होंने टीला बाबा फरीद में माथा भी टेका था। तबीयत खराब होने पर सिविल अस्पताल बठिंडा में उनका कोरोना टेस्ट किया गया था।

वहीं, कांगड़ 15 अगस्त को मानसा में थे। उन्होंने झंडा फहराने के बाद एक स्मार्ट स्कूल का उद्घाटन किया और इसके बाद कुछ कांग्रेसी नेताओं के घर गए। वहां उनकी तबीयत ठीक न होने के कारण उनका टेस्ट कराया गया, जिसकी रिपोर्ट देर शाम पॉजिटिव आई। तब तक कांगड़ मानसा से चंडीगढ़ अपने घर लौट आए थे।