जालंधर पहुंचे अरविंद केजरीवाल, श्री देवी तालाब मंदिर में टेका माथा, उद्योगपतियाें से भी मिलेंगे

पंजाब में आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल दो दिन के पंजाब दौरे पर जालंधर पहुंचे हैं। मंगलवार शाम को शहर आगमन के बाद सबसे पहले वह श्री देवी तालाब मंदिर में नतमस्तक होने पहुंचे हैं। उनके साथ संगरूर के सांसद और पंजाब संयोजक भगवंत मान, पंजाब आप सह-प्रभारी राघव चड्ढा भी मौजूद हैं। इससे पहले अमृतसर हवाई अड्डे से उतरने के बाद वह सीधे गांव सेखवां गए जहां उन्होंने पूर्व मंत्री सेवा सिंह सेखवां के निधन पर उनके परिवार के साथ शोक जताया। जालंधर पहुंचने पर अरविंद केजरीवाल का स्वागत जिला अध्यक्ष एवं जालंधर छावनी विधानसभा हलके के इंचार्ज पूर्व ओलंपियन सुरेंद्र सिंह सोढ़ी ने उन्हें पुष्पगुच्छ देकर किया। उनके साथ पंजाब महिला अध्यक्ष राजविंदर कौर भी मौजूद रही।

बता दें कि दो दिवसीय दौरे में केजरीवाल अपनी पार्टी के कई नेताओं से मुलाकात करने के साथ 14 अक्टूबर को उद्यमियों के साथ भी बैठक की संभावना जताई जा रही है। उन्होंने लुधियाना में भी उद्यमियों के साथ बैठक की थी। इसमें उन्होंने सरकार बनने पर कारोबारियों को 5 रुपये प्रति यूनिट बिजली और पंजाब की जनता को निःशुल्क उपचार सहित कई वादे किए थे।

आपको बता दे, चरणजीत सिंह चन्नी के पंजाब के सीएम बनने के बाद दोआबा की अहमियत बढ़ गई है। कारण, इस क्षेत्र के मतदाताओं में दलितों की संख्या सबसे ज्यादा है। सभी दलों के नेता जालंधर आकर उन्हें लुभाने का प्रयास कर रहे हैं। तीन दिन पहले अकाली प्रधान सुखबीर बादल ने भी जालंधर में रैली करके अनुसूचित वर्ग के मतदाताओं से वादे किए थे।