पंजाब: कांग्रेस को लगा एक और बड़ा झटका, पूर्व CM बेअंत के पोते रवनीत बिट्‌टू भाजपा में शामिल

चंडीगढ़। पंजाब में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है, रवनीत सिंह बिट्टू ने भाजपा का दामन थाम लिया है। पंजाब के ही पूर्व सीएम बेअंत सिंह के पोते रवनीत सिंह बिट्टू भी राजनीति के एक बड़े खिलाड़ी माने जाते हैं, पंजाब में तो कांग्रेस के हाथ को उन्होंने भी मजबूत करने का काम किया था। लेकिन अब लोकसभा चुनाव से ठीक पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। रवनीत बिट्टू लुधियाना से वर्तमान में सांसद हैं और उन्हें कांग्रेस नेता राहुल गांधी का करीबी माना जाता था। बीजेपी के वरिष्ठ नेता विनोद तावड़े ने मंगलवार शाम को भारतीय जनता पार्टी मुख्यालय पर रवनीत बिट्टू को पार्टी की सदस्यता ग्रहण कराई और बुके देकर उनका स्वागत किया.

रवनीत बिट्टू की गिनती पंजाब में दिग्गज नेताओं में होती है। वो तीन बार से सांसद है। वे सबसे पहले साल 2009 में आनंदपुर साहिब सीट से सांसद का चुना जीता। इसके बाद साल 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में शानदार जीत हासिल की थी।

अब ये कांग्रेस के लिए इतना बड़ा झटका इसलिए है क्योंकि रवनीत तीन बार के सांसद हैं। लुधियाना सीट से तो वे मोदी लहर में भी प्रचंड जीत हासिल कर चुके हैं। बात चाहे 2014 के लोकसभा चुनाव की हो या फिर 19 के चुनाव की, दोनों बार ही लुधियाना सीट पर बड़े अंतर से जीत दर्ज की।

इसके अलावा 2011 में एक समय ऐसा भी आया था जब कुछ वक्त के लिए रवनीत लोकसभा में कांग्रेस के नेता भी हुआ करते थे। तब अधीर रंजन चौधरी बंगाल चुनाव में व्यस्त थे, ऐसे में उन्होंने उनकी जगह वो भूमिका निभाई थी। लेकिन अब इतना बड़ा नेता भाजपा की तरफ से मैदान में कांग्रेस के खिलाफ ताल ठोकने जा रहा है।