म्यांमार : कर्फ्यू तोड़कर प्रदर्शन के लिए सड़कों पर आए लोग, पांच मीडिया प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी रद्द

म्यांमार में सैन्य तख्तापलट के खिलाफ लगातार प्रदर्शन किया जा रहा हैं। प्रदर्शनकारियों पर लगातार सुरक्षा बलों द्वारा हिंसक कार्रवाई की जा रही हैं। देश में कर्फ्यू भी लगाया गया हैं। सोमवार देर रात तक कई लोग कर्फ्यू तोड़कर प्रदर्शन के लिए सड़कों पर आए। म्यांमार में एक फरवरी को हुए सैन्य तख्तापलट के खिलाफ देश की सड़कों पर बड़ी संख्या में प्रदर्शन जारी है। सुरक्षा बलों द्वारा प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए लगातार ताकत का का इस्तेमाल किया जा रहा है। यहां तक की सड़कों पर मौजूद लोगों पर सीधे गोली चलाई जा रही है। अब तक देश में 67 लोगों की मौत हो चुकी है।

इस बीच, मंगलवार को देश की सैन्य सरकार ने मीडिया कवरेज पर अंकुश लगाते हुए पांच स्थानीय मीडिया प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द कर दिए। म्यांमार के सैन्य शासन ने जिन स्थानीय मीडिया प्रतिष्ठानों के लाइसेंस रद्द किए उनमें मजिमा, डीवीबी, खिट थिट मीडिया, म्यांमार नाउ शामिल हैं। साथ ही 7 डी न्यूज के लाइसेंस भी रद्द कर दिए गए हैं। देश के सरकारी चैनल एमआरटीवी ने बताया, इन मीडिया कंपनियों को अब किसी भी तरह के प्लेटफॉर्म या मीडिया प्रौद्योगिकी का उपयोग करके समाचार प्रसारित करने, लिखने या जानकारी देने की अनुमति नहीं होगी। ये सभी मीडिया प्रतिष्ठान विरोध प्रदर्शन की व्यापक कवरेज में शामिल थे और अक्सर लाइव स्ट्रीमिंग वीडियो ऑनलाइन की जाती थीं। लाइसेंस रद्द करने से पहले अधिकारियों ने उनके दफ्तरों पर छापा भी मारा।