पंजाब : अस्पताल स्टाफ पर महिला ने लगाए ऑपरेशन थिएटर में दुष्कर्म करने के आरोप, जांच जारी

पंजाब के बठिंडा में एक शर्मनाक मामला सामने आया हैं जहां एक महिला ने निजी अस्पताल स्टाफ के छह कर्मचारियों पर ऑपरेशन थिएटर में सामूहिक दुष्कर्म करने का आरोप लगाया हैं। शनिवार को पीड़ित महिला ने सिविल अस्पताल में दाखिल होकर मेडिकल जांच करवाई और मामले की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने महिला के बयान पर मामले की जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच कर रहीं महिला सब इंस्पेक्टर जसविंदर कौर ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही कुछ बताया जाएगा।

अस्पताल में दाखिल फाजिल्का जिले की रहने वाली एक महिला ने बताया कि वह ऑपरेशन करवाने बठिंडा के एक निजी अस्पताल में दाखिल हुई थी। चार अक्टूबर को उसका ऑपरेशन होना था। अस्पताल का स्टाफ उसे ऑपरेशन थिएटर लेकर गया, जहां उसे सुन्न करने का टीका लगा दिया और बाद में उसके साथ ऑपरेशन थिएटर में ही छह लोगों ने सामूहिक दुष्कर्म किया। महिला ने बताया कि इस मामले में अस्पताल के डॉक्टर को कोई जानकारी नहीं है। इसके बाद महिला अस्पताल में डॉक्टर को जानकारी दिए बिना सिविल अस्पताल में आकर दाखिल हो गई और मामले की जानकारी पुलिस को दी।