जयपुर : अब कोरोना टेस्ट कराना हुआ सस्ता, प्राइवेट लैब में लगेंगे सिर्फ 500 रुपए

राजस्थान की अशोक गहलोत सरकार एक बार फिर प्राइवेट लैब में कोरोना की टेस्ट रेट (जांच दर) को कम करने की तैयारी कर रही है। सरकार अब इस टेस्ट की रेट को 800 रुपए से घटाकर 500 रुपए करने की तैयारी कर रही है। इसके अलावा, सरकार निजी अस्पतालों में कोविड के लिए आरक्षित बिस्तरों की संख्या को भी कम कर सकती है। सूत्रों के मुताबिक, इस संबंध में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की ओर से जल्द आदेश जारी कर सकते हैं।
इससे पहले सरकार ने नवंबर के आखिरी में कोरोना की टेस्ट रेटों को 1200 रुपए से कम करके 800 रुपए की थी। संभवत: यह चौथी बार होगा जब RT-PCR टेस्ट की रेट को कम किया जा रहा है। इससे पहले जुलाई, सितंबर और नवंबर में भी RT-PCR टेस्ट की रेटों को कम किया था।आपको बता दें कि राजस्थान में जब कोरोना के मामले सामने आए थे तब इसकी जांच के लिए प्राइवेट लैब में 4500 रुपए देने पड़ते थे, लेकिन इसके बाद इसे कम करके 2200 रुपए, फिर 1200, उसके बाद 800 रुपए कर दिए। इसके बाद अब 500 रुपए करने की तैयारी की जा रही है।

वहीं सूत्रों की मानें तो अब 100 बेड्स से ज्यादा क्षमता वाले निजी अस्पतालों में कोविड के लिए 30 प्रतिशत रिजर्व बेड्स की संख्या को कम करके इसे 10% तक करने की भी तैयारी की जा रही है।