जोधपुर : मां-बेटे ने की जालसाजी, फर्जी दस्तावेज बना बेच डाला किराए का मकान

उदयमंदिर पुलिस ने फर्जी कागजात से तैयारशुदा प्लॉट बेचने वाले मां व बेटे को गिरफ्तार किया है। दोनों को सोमवार को कोर्ट में पेश कर जेल भिजवा दिया गया। थानाधिकारी राजेश यादव ने बताया कि घटना को लेकर बासनी लाछा करवड़ निवासी बसंती उर्फ शारदा पत्नी खेमचंद और उसके पुत्र उदयपुर अंबा माता कच्ची बस्ती निवासी महेंद्र को गिरफ्तार किया।

इन लोगों ने प्रताप नगर स्थित संजय ए कॉलोनी का एक तैयारशुदा प्लॉट को अणचीदेवी और राधेश्याम को फर्जी तरीके से खुद का बताकर 13 लाख रुपए में बेच दिया था। मामला गत माह 14 नवंबर को दर्ज हुआ था। जांच में फर्जी कागजात का पता लगने पर मां बेटे को गिरफ्तार किया गया।
एसआई सुखराम विश्नोई ने बताया कि मां बेटा किराए के मकान में रहते थे, लेकिन उसी के फर्जी दस्तावेज तैयार कर उसे बेच डाला। अब दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इनमें आरोपी महेंद्र को उदयपुर से तो वहीं उसकी मां बसंती को करवड़ थाना इलाके से गिरफ्तार किया गया।6 साल किराया दिया, मालिक बाहर गया तो वो भी बंद किया

एसआई सुखराम विश्नोई ने बताया कि साल 2006 में बसंती व उसके बेटे महेंद्र ने प्रताप नगर इलाके में किराए का मकान लिया था। जहां उसी के सटे एक और प्लॉट था। दोनों के मालिक एक ही थे। छह साल तक तो बराबर किराया दिया गया, लेकिन उसके बाद किराया देना भी बंद कर दिया था। ये तब हुआ जब मकान मालिक परिवार सहित बाहर रहने चले गए थे। किराया नहीं देने पर मालिक की ओर से कोर्ट में भी केस चला था। तो मकान खाली कर चले गए।