
कोरोना वायरस और चीन को लेकर कांग्रेस नेता राहुल गांधी लगातार केंद्र सरकार पर हमला बोल रहे है आज राहुल गांधी ने ट्विटर के जरिए कोरोना काल में मोदी सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए तंज कसा। इसके जवाब में बीजेपी ने राहुल गांधी के अंदाज में हर महीने की अलग-अलग उपलब्धियां गिनाते हुए हमला बोला है। केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने भी राहुल गांधी के अंदाज में हर महीने की अलग-अलग उपलब्धियां गिनवाई, जिनमें शाहीन बाग से लेकर राजस्थान की लड़ाई तक शामिल है।
केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्विटर पर लिखा कि राहुल गांधी जी अपने पिछले 6 महीने की उपलब्धियों पर आप भी ध्यान दें।।- फरवरी: शाहीन बाग और दंगे
- मार्च: ज्योतिरादित्य सिंधिया और मध्य प्रदेश को गंवाना
- अप्रैल: प्रवासी मजदूरों को उकसाना
- मई: कांग्रेस की ऐतिहासिक हार की छठी सालगिरह
- जून: चीन का बचाव करना
- जुलाई: राजस्थान में कांग्रेस पतन के कगार पर
आपको बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने मंगलवार सुबह ट्वीट कर मोदी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने लिखा कि कोरोना संकट के बीच मोदी सरकार मध्य प्रदेश में सरकार गिराने में व्यस्त रही, मोमबत्ती जलाने, नमस्ते ट्रंप का आयोजन करने और अब राजस्थान सरकार गिराने की कोशिशों में व्यस्त रही। इसलिए देश में कोरोना से लड़ाई आत्मनिर्भर हो चली है।
राहुल गांधी लगातार मोदी सरकार पर हमलावर हैं, फिर चाहे वो चीन का मसला हो या फिर कोरोना संकट की बात हो। चीन के मसले पर राहुल गांधी लगातार अपना वीडियो ब्लॉग निकाल रहे हैं और इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नाकामी बता रहे हैं।
भारत में कोरोना अब विकराल रूप लेता जा रहा है। भारत में नए कोरोना मरीज मिलने की रोजाना औसत दर 3.6% हो गई है, जो दुनिया में सबसे ज्यादा है। यानी भारत में अब नए मरीज सबसे तेज रफ्तार से बढ़ने लगे हैं। देश में कोरोना मरीजों की संख्या 11 लाख 54 हजार 917 हो चुकी है। पिछले 24 घंटे में 36 हजार 810 मरीज मिले। इसके पहले रविवार को रिकॉर्ड 40 हजार 425 और 18 जुलाई को 37 हजार 407 मरीज मिले थे। एक दिन में 587 मरीजों की मौत भी हुई है। कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा 28 हजार के पार हो गया। भारत में अब मरीज दोगुने होने में सिर्फ 19 दिन लग रहे हैं। एक महीने पहले तक 25 दिन लग रहे थे।