अलवर : दादा के भाई के घर से 14 साल के लड़के ने चुराए 30 लाख रूपये, ली पडोसी युवक की मदद

अलवर के मालाखेड़ा के महुआखुर्द गांव में एक हैरान करने वाला मामला सामने आया जहां 14 साल के लड़के ने पडोसी युवक की मदद से दादा के भाई के घर से 30 लाख रूपये चुराए। पुलिस ने बताया कि आरोपी चुराई रकम को खर्च नहीं कर पाए। असल में परिवारजन ने उसी दिन रिपोर्ट दर्ज करा दी थी। इसके बाद पुलिस जांच में जुट गई थी। पुलिस की नजर लगातार बनी हुई थी। इस कारण ये कहीं बाहर नहीं जा सके। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने पड़ताल कर पड़ोसी युवक जुनैद पुत्र साहबुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। 14 साल के किशोर को निरुद्ध् किया गया है। पुलिस ने 27 लाख रुपए दोनों से बरामद भी कर लिए हैं।

मालाखेड़ा थाना के एसएचओ सुरेश कुमार ने बताया कि 16 जुलाई को वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस बड़ी मशक्कत कर चोरों तक पहुंची। इसमें एक नाबालिग है। नाबालिग ने खुद को 10वीं क्लास का छात्र बताया है। दूसरा 19 साल का युवक है। वह 12वीं में पढ़ता है। इन दोनों ने योजना बनाकर उमर के घर से रकम पार की थी। 17 लाख रुपए नाबालिग से मिले और 10 लाख रुपए जुनैद से मिले हैं।

पुलिस ने बताया कि उमर ने कुछ दिन पहले जमीन बेची थी। उसका पैसा घर में रखा था। यह उन दोनों को पता लग गया। इसके बाद उन्होंने संदूक का ताला तोड़ा और रकम ले गए। परिवार के लोगों को 16 जुलाई तड़के पता लगा था। परिवादी ने बताया कि जमीन के बदले जमीन खरीदनी है। इस कारण रकम घर पर रखी थी। आरोपियों के पास से ताला तोड़ने वाला औजार भी पुलिस ने बरामद किया है। उमर का आधार कार्ड भी आरोपियों के पास से बरामद हुआ है।