पंजाब : वीकेंड लॉकडाउन और दिनदहाड़े चल रही थी होटल में पार्टी, पुलिस ने छापा मार की कारवाई

कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते जगह-जगह सख्ती बरती जा रही हैं। पंजाब के मोहाली में भी वीकेंड लॉकडाउन लागू है, लेकिन इस बीच शनिवार दोपहर को डेराबस्सी स्थित होटल पारस में दिनदहाड़े पार्टी चल रही थी जिसमें करीब 100 मेहमान शामिल हुए। पुलिस ने सूचना मिलने पर दबिश दी। पुलिस ने होटल के मालिक पर केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बारे में जानकारी दी। साथ ही कहा है कि जो लोग नियमों का पालन नहीं करेंगे, उन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। मोहाली के डीसी गिरीश दियालन ने शुक्रवार शाम ही लोगों से अपील की थी कि मोहाली कोरोना के मामलों में विस्फोटक स्थिति में पहुंच गया है। वीकेंड लॉकडाउन को हल्के में न लिया जाए, वरना उन्हें संपूर्ण लॉकडाउन का फैसला लेना पड़ेगा।

मोहाली प्रशासन की तरफ से कोरोना को मात देने के लिए वीकेंड लॉकडाउन लगाया गया है। पांच से अधिक लोगों के इकट्ठे होने पर पूरी तरह से मनाही है। इसके बावजूद भी डेराबस्सी के पारस होटल में नियमों को ताक पर रखकर दिनदहाड़े पार्टी चल रही थी। उसमें करीब सौ से ज्यादा मेहमान थे। सूचना मिलने पर पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। हॉल में जाकर देखा तो वहां पर पार्टी चल रही थी। पुलिस की तरफ से तुरंत पार्टी रुकवा दी गई। साथ ही होटल मालिक को केस कर गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर इस बारे में जानकारी दी है।