बेटे को बेरहमी से पिट रहा था पिता, वीडियो देख मां को आया गुस्सा, पति को पहुंचाया जेल

सोशल मीडिया पर एक पिता द्वारा अपने बेटे को छड़ी से बुरी तरह से पीटने का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो को देखने के बाद IAS अधिकारी अवनीश शरण ने भी अपना गुस्‍सा जाहिर किया था। अधिकारी ने वीडियो शेयर कर लिखा, 'इस वीडियो का लोकेशन अगर पता हो कृपया शेयर करें। इस ज़ालिम को कड़ी सज़ा मिलनी चाहिए।' इस मामले में अब बच्‍चे की मां ने अपने ही पति के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है। पुलिस ने आरोप पिता को गिरफ्तार कर लिया है।

चरित्रनाका पुलिस के पुलिस निरीक्षक अब्दुल खादर जिलानी के अनुसार, आरोपी की पहचान अशोक घंटे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक लड़का शनिवार को अपनी मौसी के घर गया हुआ था। कुछ देर बाद ही मौसी का अशोक के पास फोन आया कि उनका बेटा घर पर काफी उपद्रव कर रहा है वो उसे लेकर यहां से चले जाएं। इसके बाद गुस्‍से में अशोक आया और अपने बेटे को घर से ले गया। उसने बेटे को मारने से पहले इसका वीडियो बनाने के लिए अपनी बेटी को फ़ोन दिया और फिर अपने बेटे को पीटना शुरू कर दिया।

अपने ही बच्चे को बेरहमी से पीटने का अशोक का ये वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ तो पूरी घटना का खुलासा हुआ। बेटे को इस तरह से पिटता हुआ देख मां ने अब अपने पति के खिलाफ मामला दर्ज करा दिया है।

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि एक व्यक्ति छोटे बच्चे को कमरे में बुरी तरह पीट रहा है। ऑडियो साफ नहीं है, लेकिन यह सुना जा सकता है कि बच्चा ‘पापा’ से पिटाई रोकने की गुहार लगा रहा है। हालांकि, मासूम की लाख कोशिशों के बाद भी शख्स नहीं माना और उसे पीटता रहा। इस दौरान बच्चा मार से बचने के लिए कमरे में भाग रहा है।