टोंक : पिकअप से भिडंत में हुई बाइक सवार की मौत, एम्बुलेंस की देरी से लोग हुए नाराज

निवाई के बरथल तिराहे पर रविवार की रात भीषण सड़क हादसा देखने को मिला जिसमें पिकअप से हुई भिडंत में बाइक सवार की जान चली गई। राहगीरों ने इस घटना की जानकारी बरोनी पुलिस व एम्बुलेंस को दी। एम्बुलेंस देरी से पहुंचने पर मौके पर खड़े लोगों ने नाराजगी जाहिर की। एम्बुलेंस से गंभीर घायल को राजकीय अस्पताल निवाई के जाया गया। जहां गंभीर घायल को डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने परिजनों को घटना के बारे जानकारी दी और शव को मोर्चरी में रखवा दिया।

रविवार रात करीब आठ बजे वार्ड नंबर 17 विकास विहार डिपो निवासी सुरेश (35) पुत्र लोडक्या मीणा निवाई से टोंक जा रहा था। बरथल तिराहे पर टोंक की ओर से तेज गति से आ रही पायस डेयरी की पिकअप ने मोटरसाइकिल के जोरदार टक्कर मार दी। इससे बाइक 25-30 फीट दूर तक घिसटती हुई चली गई। इससे बाइक सवार गंभीर घायल हो गया। सोमवार को पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया।