भारत की मदद के लिए आगे आई अमेरिकी कंपनी फाइजर, दवाओं के लिए दिए 518 करोड़ रुपये

भारत इस समय कोरोना के कहर से जूझ रहा हैं और इसकी दूसरी लहर ने विकराल रूप धारण कर लिया है जिसकी बदौलत हर दिन देश में लाखों संक्रमित सामने आ रहे हैं। यह आंकड़ा बढ़ते हुए 4 लाख को छूने लगा हैं। ऐसे समय में भारत की स्वास्थ्य प्रणाली चरमराने लगी हैं। देश में ऑक्सीजन की किल्लत से कई मरीज अपनी जान गंवा रहे हैं। अस्पतालों में बेड ना होने की वजह से मरीज बीच रास्तों पर दम तोड़ रहे हैं। दवाइयों की कमी भी एक बड़ी परेशानी बन रही हैं।

अस्पताल अब नए मरीजों को भर्ती तक नहीं कर रहे हैं। भारत में बिगड़ते हाल को देखते हुए दुनियाभर के कई देशों ने भारत की मदद के लिए हाथ आगे बढ़ाया है। अमेरिकी फार्मा कंपनी फाइजर भी कोरोना के खिलाफ लड़ाई में भारत की मदद के लिए आगे आई है। फाइजर ने दवाओं के लिए भारत को 70 मिलियन डॉलर यानी करीब 518.75 करोड़ रुपये की मदद राशि दान की है। फाइजर के सीईओ अल्बर्ट बोरला ने सोमवार को इस बात की जानकारी दी।