7 दिन में छठवीं बार महंगा हुआ पेट्रोल-डीजल, जानें आज कितने बढ़े दाम

इंटरनेशनल मार्केट में क्रूड ऑयल के दाम करीब 26.42% तक घट चुके हैं लेकिन देश में पेट्रोल-डीजल के दाम आसमान छू रहे है। पिछले 7 दिन में 6 बार तेल कंपनियों ने पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ाए हैं। सोमवार को भी पेट्रोल 30 पैसे और डीजल 35 पैसे प्रति लीटर की बढ़ोतरी की गई है। IOCL के मुताबिक, पेट्रोल आज से 30 पैसे प्रति लीटर जबकि डीजल 35 पैसे प्रति लीटर और महंगा हो गया है। बता दें कि 22 मार्च से 28 मार्च तक पेट्रोल-डीजल के दाम में 4 रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी हो चुकी है। दिल्ली में पेट्रोल के दाम 99.41 रुपए प्रति लीटर और डीजल के 90.77 रुपए प्रति लीटर पहुंच गए है। मुंबई में पेट्रोल 114.08 रुपए और डीजल 98.48 रुपए प्रति लीटर पर बिकेगा।

महानगरों में पेट्रोल-डीजल के रेट

शहर का नाम - पेट्रोल - डीजल

दिल्ली - 99.41 - 90.77
मुंबई - 114.19 - 98.50
कोलकाता - 108.85 - 93.92
चेन्नई - 105.18 - 95.33

अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमत के आधार पर पेट्रोल-डीजल की कीमत प्रतिदिन अपडेट की जाती है। ऑयल मार्केटिंग कंपनियां कीमतों की समीक्षा के बाद रोज पेट्रोल (Petrol) और डीजल (Diesel) के दाम तय करती हैं। फरवरी में कच्चे तेल के दाम 140 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गए थे अब यह गिरकर 103 डॉलर तक पहुंच चुके हैं, फिर भी पिछले 7 दिनों में तेल कंपनियां 6 बार पेट्रोल-डीजल के दाम बढ़ा चुकी है। तेल कंपनियों का रुख देखते हुए यह माना जा रहा है दाम बढ़ने का यह क्रम अगले 15 दिन तक इसी तरह जारी रह सकता है।

आप एक SMS के जरिए रोज अपने शहर में पेट्रोल-डीजल की कीमत जान सकते हैं। इसके लिए इंडियन ऑयल (IOCL) के ग्राहकों को RSP कोड लिखकर 9224992249 नंबर पर भेजना होगा।